बेतिया. किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए दिसंबर, 2019 तक बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लिए तैयार कृषि रोड मैप के अनुरूप इस योजना की शुरुआत बुधवार को रामनगर प्रखंड के चंपापुर दोन गांव में आयोजित समारोह के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने पहली बार छह किसानों को सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक घर में बिजली कनेक्शन पहुंचाने का संकल्प पूरा हो चुका है। अब खेतों की सिंचाई के लिए सभी इच्छुक किसानों को बिजली उपलब्ध कराने का अभियान शुरू हुआ है।
स्कूलों में उपलब्ध कराए जाएंगे सोलर प्लेट
चंपारण के दोन से अत्यधिक लगाव एकबार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को थरुहट बहुल्य इलाके चंपापुर दोन में खींच लाई। सीएम ने पूरे बिहार में पहली बार यहीं से छह किसानों को कृषि फीडर कनेक्शन दिया। शिवालिक की पहाड़ियों की तराई में बियावान जंगल के बीच बसे चंपापुर गांव से नीतीश ने पूरे बिहार में सौर व बिजली उर्जा से सिचाई की शुरुआत की। दिन के करीब सवा बारह बजे हेलीकाप्टर से पहुंचे सीएम ने यहां अवस्थित चंपापुर सौर ग्रीड एवं रघिया सौर ग्रिड का भी निरीक्षण किया।
विभाग के कार्यपालक अभियंता दिवाकर लाल ने बताया कि दीनदायाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युत योजना के तहत किसान को सिचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने के अभियान की शुरुआत करते हुए सीएम ने छह किसानों को बिजली कनेक्शन के पेपर दिए। इन किसानों में मझौलिया के दुधा निवासी सुरेंद्र कुमार सिंह, मझौलिया के ही करमवा निवासी पवन कुमार, लौरिया के पचभिड़वा निवासी विश्वजीत साह व बलिराम पाल तथा बगहा-2 के कदमहवा निवासी ईश्वरदेव शर्मा व मुरारी कुमार शामिल रहे।