समस्तीपुर में पुल निर्माण कंपनी के बेस कैंप पर हमला, नक्सलियों ने फूंकी जेसीबी-बाइक, मैनेजर समेत तीन को किया जख्मी

मोरवा (समस्तीपुर). जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर हलई ओपी के बसही भिंडी गांव में मंगलवार रात नक्सलियों ने एमएस लक्ष्मण पुल निर्माण कंस्ट्रक्शन कंपनी के बेस कैंप पर हमला कर जेसीबी, बाइक व टेंट में आग लगा दी।

नक्सलियों ने कंपनी के मैनेजर प्रेम कुमार समेत मजदूरों के साथ मारपीट भी की। इसमें प्रेम के अलावा मुंशी आनंद साह, जेसीबी चालक मो. दिल हुसैन घायल हो गए। जबकि आग से मो. इशाद नामक मजदूर झुलस गया। नक्सलियों की संख्या 25 की बताई गई है। नक्सली कंपनी द्वारा लेवी नहीं दिए जाने से नाराज थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी नक्सली जिंदाबाद का नारा लगाते फरार हो गए। नक्सलियों के भय से निर्माण कंपनी के कर्मी बेस कैंप छोड़ कर फरार हो गए। विधायक विद्यासागर निषाद ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। कहा कि विकास के दुश्मनों को छोड़ा नहीं जाएगा। घटना में कंपनी को एक करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान है। मैनेजर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एक घंटे तक मचाया तांडव, बम विस्फोट-फायरिंग से दहशत
जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े बारह बजे डिहिया पुल पर निर्माण कर रही पटना की कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मी बेस कैंप में सो रहे थे। उसी समय हथियारों से लैस नक्सलियों ने हमला बोल दिया। मजदूरों ने बताया कि नक्सलियों ने बम विस्फोट व फायरिंग करते हुए मैनेजर व मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पेट्रोल छिड़ककर कर टेंट में आग लगा दी। परिसर में खड़ी जेसीबी, दो बाइक व जेनरेटर को भी फूंक डाला। नक्सलियों का तांडव करीब एक घंटे तक चला। नक्सलियों ने मजदूरों के मोबाइल व रुपए भी छीन लिए। इस दौरान नक्सली माओवादी जिंदाबाद व पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे।

वैशाली के जंदाहा में गिरफ्तार नक्सली को रिहा करने की कर रहे थे मांग
मजदूरों ने बताया कि आगजनी व नारेबाजी करते हुए नक्सली वैशाली के जंदाहा में गत दिनों गिरफ्तार नक्सली को छोड़ने की मांग कर रहे थे। नहीं छोड़ने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। जंदाहा पुलिस ने एक कथित नक्सली को हत्या के आरोप में कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था।

प्रभारी एसपी बोले, रंगदारी का लग रहा है मामला
घटना की सूचना पर प्रभारी एसपी सुजीत कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि घटना नक्सली नहीं, रंगदारी की लग रही है। पुल निर्माण कंपनी के मैनेजर ने कुछ लोगों का नाम बताया है जो काम के लिए उसके पास आया करते थे। मौके पर सशस्त्र बल की तैनाती कर दी गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.