औरंगाबाद. दो दोस्त जल्द घर पहुंचने के चक्कर में तेज रफ्तार बाइक चला रहे थे। तभी सामने से एक तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसके कारण बाइक चला रहे युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि उस पर सवार उसके दोस्त की मौत इलाज के दौरान हो गई।
घटना औरंगाबाद-डालटेनगंज हाईवे के चतरा मोड़ समीप की है। मृतकों में रोहतास जिले के डेहरी शिवगंज मुहल्ला निवासी 25 वर्षीय बैजनाथ कुमार उर्फ लाल बाबू व उसका दोस्त डेहरी के बारा पत्थर निवासी 30 वर्षीय राजेश सिंह उर्फ कल्लू शामिल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मौके से पल्सर बाइक जब्त की गई है। एक मृतक के पास से शराब की बोतल भी बरामद की गई है।
टक्कर के बाद बाइक हवा में उछली
तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक की हाइवा से टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक हवा में उछल गई। बाइक हरिहरगंज से औरंगाबाद की ओर लौट रही थी जबकि हाइवा विपरीत दिशा से आ रहा था।
तेज रफ्तार के कारण बाइक ने अपना संतुलन खो दिया और वह अपने लेन से जैसे ही हटा कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसके कारण मौके पर ही बाइक चला रहे बैजनाथ की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त राजेश बूरी तरह जख्मी हो गया। पीछे से ड्यूटी कर लौट रहे एक शिक्षक ने उसे घायल अवस्था में उठाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डेकोरेशन की साइट देखकर लौट रहे थे दोनों युवक, नशे में बाइक चलाने की आशंका
दोनों युवक डेकोरेशन व सजावट की काम करते थे। दोनों डेहरी से झारखंड के हरिहरगंज एक शादी समारोह के सट्टा लेने के लिए साइट देखने गए थे। जहां से साइट देखने के बाद वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने घटना के बाद मृतक के पास से शराब की बोतल बरामद की है। जिससे उनके शराब पीने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि शराब पीने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। लौटने के क्रम में देर होने के कारण दोनों तेज रफ्तार में लौट रहे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने नाम न छापने के शर्त पर कहा कि अंबा से ही उनके पीछे वह बाइक से आ रहा था। वे काफी तेज चला रहे थे। उसने अंदाजा लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक 85 के स्पीड रही होगी।
इलाज के कुछ ही देर बाद मौत
इस घटना में गंभीर जख्मी हुए राजेश को लोगों द्वारा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। वह जीवन मौत से जूझ रहा था। लेकिन सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मामूली इलाज कर उसे जनरल वार्ड में भर्ती कर दिया गया। उसे ऑक्सीजन भी नहीं दिए गए थे। लिहाजा कुछ देर में ही वह दम तोड़ दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। हालांकि डॉक्टरों ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया है।