मुजफ्फरपुर: दीपावली व छठ पूजा को लेकर साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था पर हुई चर्चा

मुजफ्फरपुर : दीपावली और छठ पूजा के पूर्व साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन व विधि व्यवस्था को लेकर डीएम प्रणव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक हुई।इस दौरान डीएम ने एसडीओ और पुलिस उपाधीक्षक को निर्देशित किया कि अपने -अपने क्षेत्र में पटाखे पर प्रतिबंध का अनुपालन करना सुनिश्चित करें। प्रशासन द्वारा निर्गत आदेश का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। छापेमारी के क्रम में कोई व्यवसायी पटाखा बिक्री करते हुए पाया जाता है तो उनके दुकान को सील कर दिया जाए और उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाए।डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिया कि शहर के सभी महत्वपूर्ण घाटों और तालाबों की सफाई हर हाल में दीपावली तक हो जानी चाहिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से भी विभिन्न नदी घाटों की सूची प्राप्त करना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डीएम ने खाद्य निरीक्षक के पर्व के मौके पर लगातार छापेमारी कार्य जारी रखने का निर्देश दिया। वहीं इस संबंध में दैनिक प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने कहा कि शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घाटों, नदियों, तालाबों आदि का भौतिक रूप से स्थलीय निरीक्षण कर लिया जाए। निरीक्षण के क्रम में यदि कोई घाट दलदली या खतरनाक पाया जाता है और वहां पूजा करना संभव प्रतीत नहीं होता हो तो उसे खतरनाक घोषित करते हुए उस घाट को प्रतिबंधित कर दिया जाए और इसकी जानकारी छठ व्रतियों तथा स्थानीय लोगों को हर हाल में दी जाए।नगर निगम एवं सभी सीओ तथा सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि छठ पूजा हेतु चिन्हित सभी घाटों में पानी की गहराई का आकलन करते हुए बांस-बल्ले तथा रस्सियों से उसे बैरिकेडिंग करा दिया जाए। शहरी क्षेत्र अंतर्गत अवस्थित सभी घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि सभी महत्वपूर्ण घाटों ,पोखरों, तालाबों के पास नियंत्रण कक्ष, पी ए सिस्टम, वाच टावर की अनिवार्य रूप से व्यवस्था कराई जाए।सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में नाव, नाविक, लाइफ जैकेट, गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। त्यौहार के दिन निजी नाव के परिचालन पर कड़ाई के साथ प्रतिबंध लगाया जाए तथा तैराकी पर भी प्रतिबंध लगाना सुनिश्चित किया जाए ।इस आशय का आदेश निकालने का निर्देशन अनुमंडल पदाधिकारियों को दिया गया है।विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के अवसर पर सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाय। अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी /पश्चिमी एवं पुलिस उपाधीक्षक नगर, पूर्वी/ पश्चिमी मुजफ्फरपुर ,सभी संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि ट्रिपल लोडिंग अथवा मादक पदार्थ का सेवन कर उपद्रव फैलाने वाले पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। वाहनों का सघन जांच करना सुनिश्चित करें। सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि इन त्योहारों के अवसर पर सभी अस्पतालों में /प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं के साथ चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। संभावित दुर्घटना से बचाव हेतु महत्वपूर्ण स्थलों पर अग्निशामक यंत्र अथवा बालू की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। त्योहारों के अवसर पर यातायात की व्यवस्था सुचारू एवं दुरुस्त रखने हेतु नगर पुलिस अधीक्षक ,जिला परिवहन पदाधिकारी ,पुलिस उपाधीक्षक नगर एवं यातायात निरीक्षक को निर्देश दिया गया।वही अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि सभी छठ घाटों पर आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्गत सावधानियों में सतर्कता से संबंधित बैनर बनाकर स्थापित करना सुनिश्चित करें। मौके पर उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता आपदा डॉ अजय कुमार ,अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी, जिला जनसंपर्क अधिकारी, जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.