मुजफ्फरपुर। परीक्षा ड्यूटी करने वाले सीबीएसइ शिक्षकों का जल्द भुगतान होगा। बोर्ड ने एकीकृत भुगतान सिस्टम शुरू किया है। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि भुगतान सीधे शिक्षकों के खाते में होगा।
सीबीएसइ की आइटी व प्रोजेक्ट विभाग के निदेशक डॉ.अंतरिक्ष जौहरी की ओर से कहा गया है कि यह एकीकृत भुगतान सिस्टम पूरी तरह से मानवीय त्रुटि रहित है।
अभी भुगतान की प्रणाली मैनुअल थी। इससे बिल भुगतान की प्रक्रिया में पांच से छह महीने लग जाते थे।
डिजिटल सिस्टम से दो दिन में भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी। सीबीएसइ वार्षिक बोर्ड परीक्षा के साथ ही सीटीइटी व अन्य भर्ती के लिए परीक्षा संबद्ध स्कूलों में आयोजित कराती है।
इन परीक्षाओं के संचालन के लिए प्रिंसिपल व शिक्षक सहित करीब 10 लाख संकाय सदस्य अपनी सेवा देते है।
सभी को उनकी सेवाओं के लिए मानदेय, टीए, डीए का भुगतान सिस्टम के माध्यम से होगा।
