मुजफ्फरपुर : दीपावली और छठ महापर्व के आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानों में छापेमारी शुरू कर दी है।
इसके अंतर्गत शहर में 14 दुकानों पर छापेमारी कर खोवा, मिठाई और पनीर का सैंपल लिया गया।
इन दुकानों से 43 सैंपल लेकर पटना लैब में जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर के अलग-अलग दुकानों में छापेमारी किए जाने से मिलावट करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा है।
उनके सैंपल जांच में फेल पाए गए तो प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम की ओर से गठित धावा दल रामबाग रोड स्थित एक मिठाई दुकान पहुंची, तो वहां पर फंगस लगा दाना लड्डृू बेचा जा रहा था।
दुकान का लाइसेंस भी खत्म हो गया था। दुकान में गंदगी की भरमार थी, वहीं मिठाई कब बनी और यह कब तक खाने योग्य है, इसका डिस्प्ले भी नहीं था।
इसके बाद धावा दल ने इस दुकान से करीब 50 किलो लड्डू को फेंकवा दिया।
वहीं दुकानदार को नोटिस देकर चेतावनी दी कि दो दिन में इसे ठीक नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं धावा ने इन दुकानदारों पर लापरवाही करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
