समस्तीपुर। बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ (मूल) समस्तीपुर के जिलाध्यक्ष कुमार रजनीश व जिला महासचिव रामनाथ कुमार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) समस्तीपुर से मिलकर माननीय पटना उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए न्यायादेश के आलोक में अप्रशिक्षित शिक्षकों को वेतन भुगतान की मांग की।
इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र के 8 किलोमीटर के परिधि में आने वाले विद्यालय के शिक्षकों को 8 फीसदी आवास भत्ता देने की मांग की। इससे पूर्व भी संगठन द्वारा मांग की गई है।

जिला महासचिव रामनाथ कुमार ने स्पष्ट कहा की माननीय न्यायालय द्वारा स्टे ऑर्डर के साथ यथास्थिति बनाए रखने की बात कही गई है और सेवा में बने रहने का अहम हिस्सा वेतन भुगतान होता है। जल्द ही अप्रशिक्षित शिक्षकों को वेतन भुगतान नहीं हुआ तो अवमानना वाद दायर किया जाएगा।
वहीं जिलाध्यक्ष कुमार रजनीश ने कहा कि शिक्षकों की बकाया अन्तर वेतन, अप्रशिक्षित शिक्षकों का वेतन एवं नगर परिषद क्षेत्र में पदस्थापित शिक्षकों को 8 फीसदी आवास भत्ता नहीं मिलता है तो क्षेत्रीय उप निदेशक प्रक्षेत्र दरभंगा से शिकायत कर निदान निकाला जाएगा।
