
BOKARO : सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से लाखों रुपये ठगने वाले तीन जालसाजों को झारखंड की बोकारो पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये लोग रेलवे और सेल में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से लाखों रुपये ठगा करते थे। पुलिस ने इनके पास से जाली मुहर, जाली नियुक्ति पत्र, फोटो समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किये हैं।

बोकारो एसपी कार्तिक एस ने बताया कि यूपी के गोरखपुर के रहने वाले सौरभ श्रीवास्तव ने बोकारो के सिटी थाने में सात लोगों के खिलाफ छह लाख रुपये लेकर सेल में नौकरी की फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देने का आरोप लगाया था। पीड़ित सौरभ श्रीवास्तव के मुताबिक ये लोग नौकरी दिलाने के नाम पर छात्रों को फंसाते हैं और ट्रेनिंग देने का बहाना बनाकर उन्हें बोकारो बुलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र देते हैं। बतौर सौरभ उसे अपने साथ हुए फर्जीवाड़े का तब पता चला जब वह ज्वाइनिंग लेटर लेकर बोकारो स्थित बीएसएल के एडीएम बिल्डिंग गया।

एसपी ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जिसके बाद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी चार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्तिक एस ने बताया कि गिरोह का सरगना राजेंद्र महतो की पहुंच बड़े अधिकारियों से लेकर नेताओं तक है। इसी का लाभ उठाकर उसने वर्षों से ठगी का गोरखधंधा चला रखा था। इनलोगों का नेटवर्क काफी बड़ा है। इसके तार ना सिर्फ झारखंड बल्कि बिहार, यूपी, बंगाल समेत अन्य प्रदेशों से जुड़े हैं।