मुजफ्फरपुर। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए सड़कों से बिजली के पोल और टेलीफोन पोल को हटाया जाएगा। व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए विगत दिनों डीएम प्रणव कुमार ने अधिकारियों को कई बिंदुओं पर निर्देश दिया था। इसके बाद एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश ने शहर के कई रूटों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पाया गया कि सड़कों पर विद्युत और टेलीफोन पोल लगे है। जो ट्रैफिक जाम का कारण बन रहे है। इस पर एसडीओ पूर्वी ने विद्युत व टेलीफोन विभाग के अधिकारियों से पत्राचार कर शीघ्र इस समस्या से निजात दिलाने का अनुरोध किया है।

एसडीओ पूर्वी द्वारा जारी पत्र में कहा गया कि बैरिया बस स्टैंड से लक्ष्मी चौक, ब्रह्मपुरा चौक, जूरन छपरा, कंपनीबाग, सरैयागंज टावर, गोला रोड, बनारस बैंक चौक से पक्की सराय चौक और मुजफ्फरशाह मजार चौक के समीप से मुख्य सड़क से विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर को शिफ्ट कराना आवश्यक है। कार्यपालक अभियंता शहरी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल एक व भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक को भेजे गए पत्र में कहा कि
शहरी क्षेत्र के यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए दो दिन पूर्व शहरी क्षेत्र के विभिन्न रूटों का निरीक्षण किया गया था। इसमें पाया गया कि विभिन्न सड़कों से विद्युत पोल, टेलीफोन पोल व ट्रांसफार्मर को दूसरे जगह पर शिफ्ट करने की जरूरत है।
जूरन छपरा रोड नंबर तीन के पास मुख्य सड़क से एक ट्रांसफार्मर, कंपनीबाग मस्जिद के पास सूतापटटी मोड़ के सामने से सरैयागंज टावर तक छह विद्युत पोल और एक ट्रांसफार्मर, सरैयागंज टावर से पूरब पंकज मार्केट रोड के समीप एक विद्युत पोल, गोला रोड तीनमुहानी के समीप से एक ट्रांसफार्मर। छाता बाजार चौक के समीप से एक विद्युत पोल।


