मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक सत्र 2021-24 में नामांकन को लेकर तीन दिनों के लिए पोर्टल खुला रहेगा। इसके साथ ही पोर्टल पर पूर्व में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज और विषय को एडिट करने का भी विकल्प होगा।
23 से 25 नवंबर तक रात्रि 12 बजे तक पोर्टल खुला रहेगा। विवि के यूएमआइएस कोआर्डिनेटर प्रो.टीके डे ने बताया कि कुलपति के निर्देश पर पोर्टल को खोलने का निर्णय लिया गया है। काफी संख्या में छात्र-छात्राएं इसकी मांग कर रहे थे।
बताया कि इसके बाद मेधा सूची जारी की जाएगी। इसमें छात्र-छात्राओं को जिलावार कालेज आवंटित किया जाएगा। मेधा सूची इसी महीने जारी की जाएगी।
बताया जाता है कि सीटों को भरने के लिए विवि की ओर से आनस्पाट नामांकन पर भी विचार किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय के जिन कालेजों को पहली बार नामांकन के लिए सरकार से मान्यता मिली है।
ऐसे कालेजों की ओर से आनस्पाट नामांकन को लेकर विशेष जोर दिया जा रहा है। विवि की ओर से इस पर कहा गया है कि पहले विद्यार्थियों की केंद्रीकृत सूची जारी की जाएगी। इसके बाद सीटों को भरने को लेकर आनस्पाट नामांकन पर विचार किया जाएगा।


