मुजफ्फरपुर। सांस लेने में दिक्कत है तो इसकी वजह वायु प्रदूषण हो सकता है। जिले में अधिकतर लोगों को हल्की खांसी, गले का खरास यह लक्षण प्रदूषण से हो सकते है।
यदि वायु प्रदूषण के ग्राफ पर नजर डालें तो गया और पटना से मुजफ्फरपुर आगे है। यहां पर सबसे अधिक वायु प्रदूषण है। आंकड़ों पर नजर डालें तो मंगलवार को मुजफ्फरपुर का प्रदूषण ग्राफ 344 एक्यूआइ, पटना का एक्यूआइ 301,गया का प्रदूषण ग्राफ 237 एक्यूआइ पर पहुंचा।
विगत चार दिनों से मुजफ्फरपुर में प्रदूषण में आगे चल रहा है। इसके कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। सेंट्रल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को मुजफ्फरपुर का प्रदूषण का ग्राफ 356 एक्यूआइ पर था।
जबकि पटना का एक्यूआइ 328 तो गया का एक्यूआइ 221 पर पहुंचा था। रविवार को प्रदूषण का स्तर मुजफ्फरपुर 347 एक्यूआइ, पटना 345 एक्यूआइ, गया 236 एक्यूआइ पर पहुंचा।
सदर अस्पताल के मेडिसीन विशेषज्ञ डॉ. नवीन कुमार के अनुसार प्रदूषण बढ़ने के कारण सुबह में सांस लेने की शिकायत मिल रही है। इस बचने के लिए मॉस्क का प्रयोग करने के साथ ही कचरे को नहीं जलाया जाना चाहिए।



