समस्तीपुर। सरायरंजन स्थित बुनियाद केंद्र में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग जन दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से उप निर्वाचन पदाधिकारी देवब्रत मिश्रा की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी (पर्सन विथ डिसेबिलिटी) निर्वाचक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य मास्टर ट्रेनर मुकेश कुमार ने कार्यक्रम के विषय के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में अवर निर्वाचन पदाधिकारी परवीन जहां ने दिव्यांग मतदाताओं को समाज के सशक्त मतदाता के रूप में स्थापित करने के भारत निर्वाचन आयोग के संकल्प को दोहराया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी देवब्रत मिश्रा ने आदर्श मध्य विद्यालय रोसड़ा के प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार सहनी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
प्रधानाध्यापक रंजीत कुमार सहनी ने कहा कि जन्म के बाद दिव्यांग होने के बावजूद मैंने हौसला नहीं हारा। माता-पिता और नाना जी से प्रोत्साहित होकर शिक्षा के प्रति समर्पित हुआ और आज बीपीएससी के द्वारा चयनित होकर प्रधानाध्यापक के रूप में कार्य कर रहा हूं।
उन्होंने कहा कि जितने भी हमारे दिव्यांग भाई-बहन है वह अभाव में भी एक रास्ता खोजें और समाज की मुख्यधारा में रहकर दिव्यांगता को एक शक्ति के रूप में प्रदर्शित करें। उप निर्वाचन पदाधिकारी देवब्रत मिश्रा ने कहा कि हमारा संविधान दिव्यांगजनों को सामान्यजनों की तरह ही मताधिकार का अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार सभी व्यक्ति को एक मत देने का अधिकार है। इसलिए 1 जनवरी 2022 को अर्हत तिथि मानकर 18 वर्ष आयु पूरी करने वाले सभी दिव्यांगजन अपना मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं और पीडब्ल्यूडी ऐप पर भी अपलोड कर दें। उन्होंने सभी सामान्यजनों से भी आग्रह किया कि दिव्यांग मतदाताओं को सहयोग करें और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज करवा कर एप पर भी अपलोड करने में मदद करें।
ताकि यह पता चल सके कि किस मतदान केंद्र पर कितने दिव्यांग मतदाता की संख्या है। और उसके अनुरूप रैम्प, ट्राई साइकिल सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा सके।
सामाजिक सुरक्षा दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की सहायक निदेशक पूजा कुमारी ने अतिथियो ंका धन्यवाद किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय ने किया।
