मुजफ्फरपुर। जिले में अभी भी 54 हजार गर्भवती महिलाएं कोरोना टीका से वंचित है। अभी तक 40 हजार गर्भवती महिलाओं का ही टीकाकरण हुआ है। इन्हें अभी पहली डोज ही लगी है।
जिला स्वास्थ्य विभाग की मानें तो लगातार गर्भवति महिलाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। सीएस डॉ. विनय कुमार शर्मा के अनुसार गर्भवती म्हिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत भी कोरोना टीका दिया जा रहा है।
सदर अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हर महीने की नौ तारीख को गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाता है। सदर अस्पताल की परिवार नियोजन काउंसलर अन्नू सबीहा नाज ने बताया कि पिछले दो महीने में सदर अस्पताल में 185 गर्भवती महिलाओं को कोरोना का टीका लगा है।
हालांकि, प्रखंडों में गर्भवती महिलाओं को टीका लेने की संख्या कम है। टीकाकरण केंद्र पर गर्भवती महिलाएं काफी कम संख्या में टीका लेने पहुंचती हैं। दरअसल, गर्भवती महिलाओं को कोरोना टीका लेने में तबीयत खराब होने का डर रहता है।
इसलिए वे टीका लेने से हिचक रही हैं। सदर अस्पताल की काउंसलर ने बताया कि महिलाओं की हिचक इसी बात से रहती है, लेकिन अब कुछ महिलाएं समझ रही हैं और कोरोना टीका लेने आ रही हैं।


