गया. डीएम अभिषेक सिंह ने बुधवार को परैया प्रखंड में कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। किसानों को वर्तमान समय तक डीजल सब्सिडी नहीं मिलने पर उन्होंने बीएओ का वेतन रोकने का निर्देश दिया। वहीं, बैठक में अनुपस्थित मनरेगा के जेई सुबोध कुमार का वेतन भी बंद करने का निर्देश दिया गया। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में गया-परैया सड़क स्थित कोसडिहरा मध्य विद्यालय का निरीक्षण डीएम ने किया।
निरीक्षण में उपस्थिति पंजी, विकास पंजी, खाता, कैशबुक आदि को जांचोंपरांत सही पाया गया। वहीं विद्यालय में शौचालय व पेयजल की समस्या पर चर्चा हुई, जिसके बाद डीएम श्री सिंह परैया प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कुशल युवा केंद्र के संचालन व विधि-व्यवस्था की जानकारी अध्ययनरत युवाओं से ली।
प्रखंड के निकटवर्ती पंचायत परैया खुर्द जाकर सात निश्चय योजना अंतर्गत नलजल योजना नाली-गली योजना की जांच की गई। बूढ़ परैया महादलित टोला में नल-जल योजना से 10 लाख राशि की निकासी के दो वर्ष पूर्व होने के बावजूद काम पूरा नहीं होने से नाराज डीएम ने पूरी राशि के दो वर्ष के इंट्रेस्ट की रिकवरी का आदेश बीडीओ को दिया। वहीं हर घर नल की जांच में रजंती देवी के घर में एक नल का कनेक्शन देखकर डीएम ने संवेदक को फटकार लगाई। डीएम ने बीडीओ को आदेश दिया कि जिन घरों में शौचालय नहीं बना है उनका राशन तत्काल बंद किया जाय।