
VAISHALI : बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है. अपराधी अपने मनसूबों को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं. इस बार अपराधियों ने पुलिस को फिर चुनौती दी है. मामला सामने आया है बिहार के वैशाली जिले से. मिल रही जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने पेट्रोल पंप से लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि लूट का विरोध करने पर पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी को गोली मारी गई है. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल हो गया है.

मिल रही जानकारी के मुताबिक घटना वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र की है. जहां चकसेद गांव के एक पेट्रोल पंप पर अपराधियों ने तांडव किया है. पहले बाइक सवार अपराधियों ने पेट्रोल पंप से दो लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया. फरार होने की कोशिश में अपराधियों को पेट्रोल पंप कर्मचारी के विरोध का सामना करना पड़ा. विरोध कर रहे कर्मचारी से बचने के लिए अपराधियों ने उसे गोली मार दी. गोली लगने के बाद कर्मचारी की ऑन स्पॉट ही मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि तकरीबन दो की संख्या में अपराधी बाइक से पेट्रोल पंप लूटने पहुंचे थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना को रात में अंजाम दिया गया. उधर फायरिंग के बाद से ही इलाके के लोगों में डर है. उधर हत्या की वारदात के बाद लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश भी देखने को मिल रहा है. उधर घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची है. जांच की जा रही है पूरे मामले की.
पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने का काम शुरू किया है. फुटेज के अनुसार अपराधियों की शिनाख्त की जा रही है. वहीं मिल रही जानकारी के मुताबिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को दबोच भी लिया है. वहीं मृतक की बॉडी को सीज कर लिया गया है. उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है.