
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में एक्शन पूरी रफ्तार पर है. आज 13 दिसंबर को बालिका गृह भवन के अवैध निर्माण पर हथौड़ा चलाये जाने की सूचना है. नगर निगम ने बालिका गृह भवन के ऊपर के दोनों तल्ले को खाली करा लिया है. बालिका गृह भवन का सारा सामान हटाने के बाद बुधवार की शाम में नगर आयुक्त संजय दूबे ने चार इंजीनियरों की टीम को गुरुवार से मजदूर रखकर भवन तोड़ने का आदेश दिया. इंजीनियर और 10 मजदूरों की टीम ऊपर के दोनों तल्ले तोड़ेगी. कल दंडाधिकारियों की उपस्थिति में निगम ने भवन के कमरों को खाली करा सभी सामानों को जब्त कर ज़ब्ती सूची नगर आयुक्त को सौंप दिया था।

मलबे को निगम के ट्रैक्टर से हटाया जाएगा. प्रति खेप 700 रुपए चार्ज किया जाएगा. भवन तोड़ने से लेकर मलबा हटाने तक रोज 10 हजार रुपए का चार्ज ब्रजेश ठाकुर को ही देना होगा. नहीं देने पर उसकी जब्त संपत्ति से ही निगम भरपाई करेगा. आयुक्त ने कहा, ऊपर के दो तल्ले तोड़ने में ही दो माह लगने की संभावना है. इसमें करीब 10 लाख रुपए खर्च आ सकते हैं.

नगर निगम की टीम बुधवार को 12 बजे बालिका गृह पहुंची. दोनों तल्ले से जब्त सामान को सूचीबद्ध करके ट्रैक्टर पर लादकर एमआरडीए में शिफ्ट किया. शाम 5 बजे टीम ने नगर आयुक्त को ऊपर के दोनों तल्ले खाली हो जाने की रिपोर्ट दी. इसके बाद नगर आयुक्त ने भवन तोड़ने का आदेश दिया. नगर निगम की ओर से भवन तोड़ने की धीमी गति को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.
नगर निगम के कर्मचारियों ने धीमी गति से तीन दिनों में बालिका गृह के दो तल्ले को खाली करा लिया लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर प्रात: कमल प्रेस वाले भाग और निचले तल्ले पर बालिका गृह के ऑफिस व अन्य कमरों को खाली नहीं किया गया है. इस वजह से पूरे भवन को तोड़े जाने पर संशय बरकरार है. नगर आयुक्त ने कहा कि ऊपर के दो तल्ले को तोड़ने की अवधि में प्रेस के सामान को हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
