मुजफ्फरपुर। कोर्ट की तारीख पर जा रहे है तो नई व्यवस्था जान लें। कोरोना संक्रमण के कारण वर्चुअल मोड में चल रही कोर्ट की कार्यवाही में बदलाव किया जा रहा है।
वहीं अगले दो सप्ताह तक फिजिकल व वर्चुअल दोनों मोड में कोर्ट की कार्यवाही चलेगी। पिछले दो सप्ताह से केवल वर्चुअल मोड में कोर्ट की कार्यवाही संचालित की जा रही थी।
मगर अब नई व्यवस्था के तहत न्यायिक अधिकारियों के दो पैनल बनाए गए हैं। पैनल में शामिल न्यायिक अधिकारियों की कोर्ट में एक दिन वर्चुअल व अगले दिन फिजिकल मोड में कार्यवाही चलेगी।
हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला जज मनोज कुमार सिन्हा ने इसकी अधिसूचना जारी की है। पहले पैनल में शामिल न्यायिक अधिकारियों की कोर्ट दो, चार, आठ व 10 फरवरी को फिजिकल मोड में संचालित होगी।
अगले वैकल्पिक दिनों में इन न्यायिक अधिकारियों की कोर्ट वर्चुअल मोड में संचालित होगी।
दूसरे पैनल में शामिल न्यायिक अधिकारियों की कोर्ट की कार्यवाही एक, तीन, सात, नौ व 11 फरवरी को फिजिकल मोड में संचालित होगी। इसके अगले वैकल्पिक दिनों में इन न्यायिक अधिकारियों की कोर्ट वर्चुअल मोड में संचालित होगी।

