खेल डेस्क. भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की सीरीज का दूसरा टेस्ट शुक्रवार से पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 31 रन से हराया था। वह अगर इस मैच में जीत हासिल कर लेती है तो पहली बार सीरीज में शुरुआती दो मुकाबले जीत जाएगी। दोनों देशों के बीच 71 साल के टेस्ट इतिहास में ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर भारत को अब तक कुल छह मैच में जीत मिली है।
भारत लगातार दो टेस्ट केवल एक बार ही जीता है। बिशन सिंह बेदी की कप्तानी में 1977-78 सीरीज में उसने मेलबर्न और सिडनी टेस्ट में जीत मिली थी। हालांकि, मेलबर्न टेस्ट सीरीज का तीसरा और सिडनी टेस्ट चौथा मैच था। विराट कोहली अपनी कप्तानी में सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट जीत नया रिकॉर्ड कायम करना चाहेंगे।
ऑप्टस ऑस्ट्रेलिया का 10वां टेस्ट स्टेडियम होगा
ऑप्टस स्टेडियम दुनिया का 117वां टेस्ट ग्राउंड होगा। साथ ही यह ऑस्ट्रेलिया का नौवां टेस्ट स्टेडियम होगा। पर्थ में एक स्टेडियम वाका ग्राउंड भी है, जहां अब तक 44 टेस्ट हो चुके हैं। अब यहां कोई भी मैच नहीं होगा। वाका में भारत ने चार टेस्ट खेले थे, जिसमें उसे तीन में हार का सामना करना पड़ा था। एक मात्र जीत 2008 में मिली थी।
वाका की तरह यहां भी तेज गेंदबाजों को मिलेगी मदद
वाका ग्राउंड की पिच हमेशा तेज गेंदबाजों को मदद देने के लिए जानी जाती थी। उसी तरह का अनुमान ऑप्टस स्टेडियम के लिए भी लगाया जा रहा है। ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर ने भी मंगलवार को यह दावा किया था कि पिच तेज गेंदबाजों को मदद करेगी। ऑप्टस के क्यूरेटर ब्रेट सिपथोर्प ने भी कहा है कि पिच पर घास ज्यादा होगी।