मुजफ्फरपुर। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण आलू, दलहनी और तिलहनों की फसलों पर संकट के बादल मंडरा रहे है। विशेषकर आलू की फसल पर झुलसा रोग का असर दिखने लगा है।
किसान पौधा संरक्षण विभाग को इसकी शिकायत कर रह है। पौधा संरक्षण के सहायक निदेशक राधेश्याम कुमार के अनुसार अभी अलग-अलग जगह से पांच एकड़ में झुलसा रोग लगने की सूचना मिली है।
वह खुद मीनापुर के धर्मपुर पंचायत में जाकर वहां हैदर अली की खेत का निरीक्षण किए। दो एकड़ में झुलसा का प्रभाव है। उनको उचित दवा के प्रयोग का परामर्श दिया गया है।
इसी तरह से बंदरा, बोचहां व गायघाट से भी एक-एक एकड़ में आलू में रोग की सूचना मिली है। औराई से दस कठ्ठा फसल में बीमारी की शिकायत है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से हर स्तर पर फसल बचाने की तैयारी चल रही है।
बारिश व ठंड से तापमान में तेजी से गिरावट आई है। इससे आम जनजीवन तो प्रभावित है। आसमान से बर्फ की तरह रात में पड़ रहे पाले से सब्जी की फसल सुरक्षा पर संकट उत्पन्न हो गया है।
दलहन की फसल तो चपेट में है ही, सबसे अधिक नुकसान आलू को हो रहा है। मौसम की बेरुखी से तिलहन की फसलों का भी खेल खराब होने की आशंका है।

