मुजफ्फरपुर : परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए क्या हुई व्यवस्था, जानें?

मुजफ्फरपुर। इंटर के छात्र-छात्राओं की अधिक संख्या होने के कारण शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जवानों व पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

एसडीओ पूर्वी ने इसको लेकर यातायात डीएसपी को पत्र भी भेजा है। इसमें कहा गया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुगम बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

यातायात डीएसपी रविंद्रनाथ सिंह ने बताया कि सभी पोस्टों पर जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा वह खुद इलाके में भ्रमणशील रहेंगे। साथ ही यातायात थाने के पदाधिकारी भी ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाए रखने को सक्रिय रहेंगे।

वहीं एसडीओ द्वारा भेजे गए पत्र में यह भी कहा गया है कि उपरोक्त स्थलों के अतिरिक्त अन्य प्रमुख शहरी क्षेत्र के इंट्री प्वाइंट पर विशेष पुलिस बल व यातायात के जवान तथा पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए।

इसके अलावा एसडीओ ने शहरी क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने इलाके में थाने के मोबाइल वाहन से परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र पर पहुंचने व केंद्र से बाहर निकलने के समय सघन गश्ती की व्यवस्था करते हुए विधि व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है।

शहर के ब्रह्मपुरा चौक, जूरन छपरा चौक, इमलीचट्टी चौक, सरैयागंज टावर चौक, कल्याणी चौक, अघोरिया बाजार चौक, माड़ीपुर चौक, भगवानपुर चौक, गोबरसही चौक, रामदयालु नगर चौक, मिठनपुरा चौक, कलमबाग चौक, बनारस बैंक चौक, पक्की सराय चौक, हरिसभा चौक व अखाड़ाघाट पुल सिकंदरपुर ओपी के सामने विशेष रूप से नजर रखी जाएगी।

इन जगहों पर अतिरिक्त जवानों की भी तैनाती की गई है। परीक्षा को लेकर 30 जवानों की पुलिस लाइन से यातायात थाने में प्रतिनियुक्ति की गई है। ये सभी लाठी बल है। हालांकि यातायात थाने से परीक्षा डयूटी के नाम पर 30 होमगार्ड जवानों को हटाया भी गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.