मुजफ्फरपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से कक्षा नवमीं की वार्षिक परीक्षा को लेकर शिड्यूल जारी किया गया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि वैसे विद्यालय जहां छात्र-छात्राओं द्वारा नौवीं कक्षा में पंजीयन कराया गया है।
उनकी वार्षिक परीक्षा 26 फरवरी से तीन मार्च तक दोनों पालियों में तथा प्रायोगिक परीक्षा चार मार्च को होगी। इस परीक्षा का आयोजन बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा वर्ग 10 वीं लिए आयोजित उत्प्रेषण परीक्षा की व्यवस्था के अनुरूप किया जायेगा।
इस परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र के साथ-साथ ओएमआर उत्तर पत्रक समिति द्वारा परीक्षा से दो दिन पहले आपूर्ति कराई जाएगी। वहीं, उत्तरपुस्तिका, अन्य सामग्री व परीक्षा संचालन की संपूर्ण व्यवस्था स्कूल स्तर पर की जाएगी।
साथ ही कदाचाररहित परीक्षा के लिए योग्य वीक्षकों की नियुक्ति व मूल्यांकन कार्य का निष्पादन करते हुए इस अभ्यास परीक्षा में उत्तीर्ण-अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर समिति को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
ऐसे सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को कहा गया है कि सात फरवरी के पूर्व समीक्षा बैठक कर तैयारी के संबंध में एक आत्मभारित प्रतिवेदन समिति को 10 फरवरी तक उपलब्ध कराएं।
बोर्ड की ओर से स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि कक्षा नवमीं की वार्षिक परीक्षा 2022 की तैयारी करना सुनिश्चित करें।
