मुजफ्फरपुर। जिले में 14 हजार शिक्षकों को वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिला है। सरकार की घोषणा किए करीब 10 माह हो गए। जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के संगठन सचिव पवन कुमार प्रतापी ने सीएम और शिक्षा मंत्री से शीघ्र भुगतान का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के राज्यव्यापी हड़ताल के दौरान हुए समझौते के अनुसार, शिक्षकों को 15 प्रतिशत वेतनवृद्धि का लाभ एक अप्रैल 2021 से मिलना है, लेकिन इतने दिनों बाद भी अभी तक लाभ नहीं मिल सका।
शिक्षा विभाग द्वारा एनआइसी के आनलाइन कैलक्यूलेटर साफ्टवेयर पर जिले के लगभग 14 हजार शिक्षकों का डाटा अपलोड किया गया है, जिसमें जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा मात्र लगभग 12 हजार शिक्षकों के डाटा को डिजिटल सिग्नेचर के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है,
जबकि सभी शिक्षकों को स्वीकृति के लिए विभाग द्वारा अंतिम डेडलाइन 27 जनवरी तय की गई थी। लेकिन उन शिक्षकों के अपलोड किए गए डाटा को डिजिटल सिग्नेचर के लिए स्वीकृति प्रदान नहीं की गई है
जो कि विभागीय उदासीनता का परिचायक है। संघ ने यथाशीघ्र वेतन निर्धारण कराने का आग्रह किया है, अन्यथा शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

