मुजफ्फरपुर : केंद्रीय बजट में हर वर्ग का समावेश : नित्यानंद राय

मुजफ्फरपुर। शहर के मिठनपुरा स्थित एक होटल में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा वित्तीय सत्र 2022 -23 के लिए जो बजट प्रस्तुत किया गया है वह कल्याणकारी, प्रगतिशील और देश के भविष्य को नई दिशा देने वाला बजट है।

उन्होंने कहा कि आजाद भारत का यह सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बजट है, जिसमें गरीब, किसान बेरोजगारों के बेहतर भविष्य की परिकल्पना को साकार करने की कवायद है। जबकि रक्षा क्षेत्र को और सबल बनाने की योजना है, ताकि भारत हर क्षेत्र में आत्म निर्भरता हासिल करें और भारत को विश्व गुरु बनाने की प्रधानमंत्री की परिकल्पना को साकार करे।

उन्होंने आरोप लगाया की विपक्ष केंद्रीय बजट पर लोगों के बीच महंगाई और बेरोजगारी का भ्रम फैला रही है जबकि सच्चाई यह है कि इस बजट में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की परिकल्पना है।

हर क्षेत्र में विकास की योजना है साथ ही किसानों के एमएसपी बढ़ाए गए हैं। लघु एवं कुटीर उद्योग के साथ बड़े उद्योगों को भी गति देकर उत्पादन क्षमता बढ़ाने की पहल है।

हर हाथ को रोजगार और हर सिर को छत देने की परिकल्पना सही मायने में मोदी सरकार के सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास की सोच को परिलक्षित करेगा।

उन्होंने कहा कि आंकड़े गवाह है कि कांग्रेस नीत सरकार से मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई कमतर है। दूसरी ओर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए श्री राय ने कहा कि हम देश को समृद्ध और विकसित बनाने की सोंच रखते हैं और वे किसान विरोधी बात करते हैं और अपने परिवार के विकास की योजना को साकार करना चाहते हैं।

इस मौके पर सांसद अजय निषाद, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय, जिला अध्यक्ष रंजन कुमार, पूर्व विधायक बेबी कुमारी, पूर्व विधायक केदार प्रसाद पूर्व विधायक सुरेश चंचल आदि उपस्थित थे

इससे पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने जिले के बुद्धिजीवी, किसानों और उद्योगपतियों के साथ बजट पर विचार मंथन किया और लोगों को इसकी खूबियों से जन-जन को अवगत कराने का आग्रह किया ताकि विकास कार्य में बाधा उत्पन्न नहीं हो । साथ ही प्रबुद्ध लोगों से प्रायोगिक स्तर पर सुझाव भी मांगा ताकि आने वाले दिनों में उनके सुझाव से भी देश के विकास कार्यों में लाभ लिया जा सके।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading