पटना. सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बनी तो रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया। कुशवाहा एनडीए से तो अलग हो गए, लेकिन उनकी पार्टी के विधायक उनसे साथ जाने को तैयार नहीं थे। शनिवार को उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के दोनों विधायक सुधांशु शेखर और ललन पासवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वे एनडीए में हैं।
दोनों विधायकों के साथ रालोसपा के एक एमएलसी संजीव श्याम ने भी एनडीए में रहने का फैसला किया है। इस मौके पर रालोसपा के विधायकों ने पार्टी पर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि असली रालोसपा उनके साथ हैं और रालोसपा एनडीए से अलग नहीं हुई है।
उपेंद्र कुशवाहा पर लगाया व्यक्तिवादी राजनीति करने का आरोप
एमएलसी संजीव श्याम ने कहा कि असली रालोसपा हमलोग हैं। विधानमंडल में पार्टी के तीन ही सदस्य हैं। हम तीनों साथ हैं और एनडीए में हैं। उपेंद्र कुशवाहा व्यक्तिवादी राजनीति करते हैं। उन्होंने व्यक्तिगत कारण से एनडीए से अलग होने का फैसला किया। हमलोग पार्टी के सिंबल और ऑफिस पर दावा करते हैं और जरूरत पड़ी तो इसके लिए चुनाव आयोग जाएंगे।
मंत्री पद की मांग
संजीव ने कहा कि रालोसपा एनडीए में है। बिहार सरकार में उसे हिस्सेदारी नहीं मिली। इसके चलते हमारे कार्यकर्ताओं में निराशा है। मैं अपने और ललन पासवान के लिए मंत्री पद नहीं मांगता। हमारे साथी सुधांशु शेखर को मंत्री बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही आयोग और समितियों में भी हमें जगह मिलनी चाहिए।
क्यों अलग हुए थे उपेंद्र कुशवाहा?
उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा 2014 में हुए आमचुनाव के पहले से एनडीए का हिस्सा थी। पिछले आम चुनाव में पार्टी को तीन सीट पर जीत मिली थी। जदयू के एनडीए में शामिल होने के चलते सीट शेयरिंग का मुद्दा गंभीर हो गया। जदयू और बीजेपी ने समान सीट पर 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया। कुशवाहा ने अपनी पार्टी के लिए कम से कम तीन सीट की मांग की, लेकिन मांग पूरी न होते देख वह एनडीए से अलग हो गए।