हर घर नल जल योजना में प्लास्टिक पाइप लगाने पर भड़के मंत्री सुरेश शर्मा..

नगर विकास एवं आवास सह जिला प्रभारी मंत्री सुरेश शर्मा ने शनिवार को जिले में चल रहे सात निश्चय योजना के तहत कार्यों का स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। इसके तहत रून्नीसैदपुर प्रखंड की छह पंचायतों रून्नीसैदपुर मध्य, थुम्मा, धनुषी, गाढ़ा, मोरसंड व प्रेमनगर में चल रहे मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल योजना, नाला निर्माण व पक्की गली निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान प्रेमनगर में हर घर नल जल योजना के तहत प्लास्टिक पाइप लगाए जाने मंत्री भड़क गए और उन्होंने लोहे का पाइप लगाने का निर्देश दिया। कहा कि इस योजना के तहत लोहे का पाइप लगाना चाहिए ताकि वह टूटे नहीं। निरीक्षण के बाद मंत्री ने राजोपट्टी स्थित परिसदन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण पेजयल योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे पानी टैंक में अनिवार्य रूप से ताला लगाकर बंद रखने को कहा गया है। ताकि टैंक को कोई खोले नहीं और उसका दुरुपयोग न हो सके। कहा कि निरीक्षण के दौरान कहीं से कोई शिकायत नहीं मिली है। सात निश्चय योजना के तहत संतोषजनक कार्य किए जा रहे हैं लेकिन कार्य स्थल पर योजना का शिलापट्ट नहीं लगाया जा सका है। जबकि शिलापट्ट लगाना जरूरी है। शिलापट्ट पर योजना का नाम, संवेदक का नाम और प्राक्कलित राशि अनिवार्य रूप से अंकिता होना चाहिए। कहा कि निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय धनुषी टोला के भवन निर्माण में अनियमितता की शिकायत मिली है। पैसे की निकासी कर ली गई है। जबकि निर्माण कार्य अधूरा है। भवन का प्लास्टर तक नहीं कराया गया है। इसके विरुद्ध प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश दिया गया है। मंत्री ने कहा कि 23 दिसंबर से प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पकड़े जाने पर जुर्माना लिया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद को निर्देश दिया गया है। मौके पर डीडीसी प्रभात कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक कुमार, डुमरा बीडीओ सरोज कुमार बैठा के अलावा मोहन कुमार आदि मौजूद थे। संवाददाता सम्मेलन के बाद मंत्री शर्मा अधिकारियों के साथ डुमरा प्रखंड की पुनौरा पंचायत में सात निश्चय योजना के तहत चल कार्य का स्थल निरीक्षण किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.