PURNEA : कालाबाजारी, गोदाम में सरकारी चावल को ब्रांड की बोरी में पैकिंग करने का हुआ भंडाफोड़..!!

पूर्णिया। मरंगा थाना क्षेत्र के बियाडा स्थित एक गोदाम में सरकारी चावल को ब्रांड की बोरी में पैकिंग करने का भंडाफोड़ हुआ। गोदाम में चावल कालाबाजारी की सूचना किसी ने पुलिस को दी थी। सूचना के आधार पर शनिवार की दोपहर सदर एसडीओ विनोद कुमार, मरंगा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मिश्रा, पूर्णिया पूर्व प्रखंड के एमओ जयजय राम पासवान, केनगर के एमओ अवधेश मिश्रा ने पड़ताल कर कार्रवाई की है। गोदाम से 250 बोरी चावल प्रति बोरी 50 किलो, दो तराजू, एक बोरा सिलाई मशीन और 500 खाली जूट की बोरी व कैशमेमो जब्त किया गया है। गोदाम में जूट की बोरी से निकले पुराने चावल को ब्रांड के नाम पर पैकिंग करने का खेल चल रहा था। यह गोदाम अनूप जायसवाल के नाम से है और मां काली ट्रेडर्स के नाम से चावल का कारोबार किया जा रहा था। बताया जाता है कि गोदाम काढ़ा गोला के जनार्दन यादव से किराये पर लिया गया था। किराये के गोदाम में सुपर फाइन राइस (50 किलो) ब्रांड का नाम देकर चावल की रिपैकिंग की जा रही थी।

मामले में अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि सरकारी चावल को ब्रांड के बोरी में पैकिंग कर बाजार में बेचने का गोरखधंधा किया जा रहा था। पुलिस गोदाम मालिक के पुत्र राज जायसवाल से गोदाम और चावल कारोबार के बारे में पूछताछ की है। मामले में मरंगा थानाध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि गोदाम से जब्त चावल और अन्य सामान के आधार एमओ के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर की जाएगी।

सरकारी चावल और लाइसेंस की होगी जांच

गोदाम से जब्त चावल के संबंध में अधिकारी सरकारी चावल होने की जांच करेंगे। जब्त चावल सरकारी है या गैर सरकारी इसके पड़ताल करना अधिकारियों के लिए मुश्किल होगा। क्योंकि चावल के जूट वाले बोरी पर किसी प्रकार का सरकारी टैग नहीं है। इधर अधिकारी सुपर फाइन राइस के नाम से हो रही नए बोरी में चावल पैकिंग के संबंध में लाइसेंस और माप-तौल के लिए तराजू का लाइसेंस आदि की जांच करेंगे।

गोदाम से मिले खरीद-बिक्री के बिल

गोदाम से चावल खरीद-बिक्री के संबंध में मां काली ट्रेडर्स के नाम से कई बिल मिले हैं। बिल पर ट्रेड लाइसेंस नंबर अंकित है। ट्रेडर्स का हेड ऑफिस मरंगा और ब्रांच ऑफिस गुलाबबाग लिखा हुआ है। हेड ऑफिस की हालात देखकर अधिकारियों को प्रतीत हो रहा है कि यहां चावल कालाबाजारी का खेल निश्चित रूप से हो रहा है। लेकिन जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

लगातार पकड़ में आ रहा कालाबाजारी का चावल

जिले में सरकारी चावल का हेराफेरी कर कालाबाजारी करने का खेल बदस्तूर जारी है। पीडीएस सहित अन्य चावल को गुपचुप तरीके से चावल कारोबारी के हाथ बेच लिया जाता है। हाल के दिनों जिले में कई जगहों पर सरकारी चावल पकड़ा गया है। जिसे बेचने के लिए जिला से बाहर ले जाया जा रहा था या अन्य चावल कारोबारी को पहुंचाया जाता। वहीं बड़े पैमाने पर सरकारी चावल को किसी ब्रांड के नाम पर पैक कर बाजार में खपाया जाता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.