BHAGALPUR : आक्रामक हुए बदमाश अब पीड़ितों को कर रहे हैं घायल, रहें अलर्ट…

भागलपुर. शहर में सड़क पर मोबाइल से बात करने वाले और बैंक ग्राहक सावधान हो जाएं। बदमाशों ने अब छिनतई का तरीका बदल लिया है। कैश और मोबाइल छीनने के लिए बदमाश अब पीड़ित को घायल भी कर रहे हैं। हाल के दिनों में छिनतई की दो वारदात में शिकार हुए छात्र और लिपिक को बदमाशों ने मारपीट कर और धक्का देकर गिरा दिया व कैश, मोबाइल ले भागे। पहले बदमाश छिनतई में बल प्रयोग नहीं करते थे, लेकिन अब बदमाश ज्यादा अाक्रामक हो गए हैं। झपट्टा मार कर छिनतई करने का तरीका अब पुराना हो गया है।

बैंक से रेकी करते हैं बदमाश
बैंक ग्राहकों से कैश छिनतई की ज्यादातर घटनाओं की रेकी बदमाश बैंक के भीतर ही करते हैं। लेकिन कभी बैंक प्रबंधन इस दिशा में ध्यान नहीं देती है। फार्म भरवाने, पैसे निकालने आदि का बहाना बना कर बदमाश बैंक के भीतर घूमते हैं और मोटी रकम निकालने वालों की रेकी करते हैं। इसके बाद अपने दूसरे साथी को सूचना दे देते हैं कि अमुख रंग का कपड़े पहने व्यक्ति के बैग में मोटी रकम है, जिसका पीछा कर वारदात को अंंजाम दिया जाता है। मोबाइल छिनतई की घटना में भी कुछ ऐसी ही रेकी होती है। सड़क पर कान में मोबाइल लगा कर बात करने वाले, हाथ में मोबाइल लेकर चलने वाले राहगीरों को बदमाश निशाना बनाते हैं और उनसे छिनतई करते हैं।

केस-1
हाथ में रॉड मार मोबाइल छीना
12 दिसंबर को विश्वविद्यालय के बहुद्देशीय प्रशाल के पास बाइक सवार बदमाशों ने नाथनगर निवासी टीएनबी कॉलेज के छात्र अभिषेक कुमार को रॉड से मार कर हाथ से मोबाइल छीन लिया था। छात्र इकोनॉमिक्स डिपार्टमेंट से पैदल टीएनबी कॉलेज जा रहा था। तभी पीछे से आए बदमाशों ने रॉड से हाथ में मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाश मोबाइल छीन कर भाग गए। रॉड के प्रहार से छात्र को चोट भी आई।

केस-2
धक्का देकर गिराया, 5.67 लाख छीने
14 दिसंबर को विवि थाना चौक के तिराहा पर खड़े पीजी अंग्रेजी डिपार्टमेंट के लिपिक राम प्रकाश यादव को धक्का देकर बदमाशों ने 5.67 लाख रुपए छीन लिया था। इसमें लिपिक का हाथ टूट गया था। चौक पर खड़े राम प्रकाश यादव अपने बेटे का इंतजार कर रहे थे। तभी साहेबगंज की ओर से बाइक सवार बदमाश आए और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद पैसों से भरा बैग लेकर भाग गए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.