दो जिले की सीमा को जोड़ने वाले राजेन्द्र पुल पर अमूमन हर दिन जाम लग रहा है। जाम की यह समस्या इतनी जटिल हो गई है कि यहां हर रोज गाड़ियां फंसती है। ट्रक खराब होने से लगा जाम : शनिवार की देर शाम राजेन्द्र पुल पर एक ट्रक के खराब हो जाने के कारण तेघड़ा से लेकर पटना व जीरोमाइल से लेकर से उनार तक महाजाम लग गया। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस महाजाम में रविवार तक हजारों छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। जाम के कारण बारात जाने वाली गाड़ी व परीक्षा के लिए पटना की दिशा से बेगूसराय व बेगूसराय से पटना की ओर जाने वाले परीक्षार्थियों का वाहन भी फंसा रहा। इसके अलावा पटना की ओर जाने-आने वालों को फजीहत झेलनी पड़ी। समय से नहीं पहुंची बारात : करीब 50 किलोमीटर तक लगे महाजाम के कारण बारात जाने वाली गाड़ियों में सवार लोगों को गंतव्य तक जाने में परेशानियां झेलनी पड़ी। बारात की ऐसी गाड़ियां समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी। जबकि जाम के कारण बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को भी परेशानियां झेलनी पड़ी। कुछ को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी काफी विलंब का सामना करना पड़ा। संभावना जताई जा रही है कि कुछ परीक्षार्थी समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंच भी नहीं सके होंगे। नहीं दिखी पुलिस : महाजाम की इस समस्या से निजात दिलाने के लिए शनिवार की रात से लेकर रविवार को दिन तक भी सड़क पर पुलिस नहीं दिखी। इसे जिले की पुलिस-प्रशासन की संवेदनहीनता भी कहा जा सकता है। जाम में फंसे लोग भी पुलिस व ट्रैफिक व्यवस्था को कोस रहे थे। दरअसल जाम की इस समस्या से निजात दिलाने के लिए यदि पुलिस ईमानदारी से मशक्कत करती, तो लोगों को इतनी फजीहत नहीं झेलनी पड़ती। नयी नहीं है समस्या : इस पथ में जाम की समस्या नई नहीं है। अमूमन हर एक-दो दिन में इस पथ में जाम लगता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों को लगातार हो रही परेशानी के बावजूद जिला व पुलिस प्रशासन इस दिशा में कोई सार्थक पहल नहीं कर रही है। हां, पूछने पर यह जरूर कहती है कि जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए पुलिस-प्रशासन मुस्तैद है।