BODHGAYA : होटल की छठी मंजिल में काम कर रहे दो मजदूर छज्जे के साथ नीचे गिरे, मौके पर एक की मौत

गया. बोधगया महाबोधि मंदिर के समीप रहे होटल प्रिंस की छठी मंजिल में काम कर रहे दो मजदूर छज्जे के साथ नीचे जा गिरे। एक की मौत मौके पर हो गई, वहीं घायल दूसरे मजदूर को गंभीर हालत में मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। महाबोधि मंदिर एरिया से दो सौ मीटर की दूरी पर जी प्लस तीन से ऊपर निर्माण पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद होटल प्रिंस का पांच मंजिला के ऊपर का भी निर्माण कराया जा रहा था, जो बगैर नक्शा पास कराए ही किया जा रहा था।

बिना सेफ्टी के काम कर रहे थे मजदूर
शनिवार को बिना सेफ्टी के मजदूर काम में लगाए गए थे। इस हादसे में राजमिस्त्री मुटुक यादव 45 वर्ष की मौत हो गई। मृतक मगध विवि थाना के पथलगढ़ का निवासी था। घटना में घायल हुए कन्तु यादव ने बताया कि प्रिंस होटल के 6 वीं मंजिल पर ढ़लाई किए गए नए छत की सेंट्रिंग को खोल रहे थे। छज्जे के काम के लिए होटल मालिक गोपाल कुमार के द्वारा काम कर रहे आठ मजदूरों के सेफ्टी का कोई ख्याल नहीं रखा गया था। छज्जे को टिकाने के लिए पिलर नहीं कराया गया था।

मजदूर की लाश को घसीटते ले गई पुलिस
इधर घटना की सूचना पर बोधगया थाना की पुलिस पहुंची। बगैर अस्पताल में मौत की पुष्टि हुए राजमिस्त्री मुटुक को मरा मान लिया और तकरीबन घसीटते हुए उसे ले जाती दिखी। पुलिस का इस प्रकार का व्यवहार थोड़ा असहज करने वाला था। इधऱर, इस मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया है। मामले की पूरी जांच के आदेश दिए गए हैं।

दलाई लामा को देखने को होटल में रूके विदेशी वहां गए थे, जो बच गए
कुछ मिनट पहले तिब्बती धर्मगुरू दलाईलामा अपने आवासन स्थल को पहुंचे थे। दलाईलामा को देखने के लिए प्रिंस होटल में रूके विदेशी वहां गए थे और फिर वापस होकर होटल में रूके थे। कुछ देर पहले ऐसा होता तो विदेशी मेहमानों की जान खतरे में पड़ जाती और बड़ी घटना का सबब बनती।

जख्मी मजदूर को देखने तक नहीं पहुंचा होटल मालिक, दी धमकी
घटना के चार घंटे बाद भी घायल को देखने अस्पताल में कोई नहीं पहुंचा था। घायल की पत्नी रजवंती देवी कह रही थी, मेरा पति घर में कमाने वाला अकेला था। पति के घायल होने की स्थिति में महीने भर उसके चार बच्चों को कौन देखेगा। कोई मदद करने को आगे नहीं आ रहा है। वहीं मृतक के शव को लाने पहुंचे मेडिकल में परिजनों को भी डराया गया। केस नहीं करने का भय दिखाया गया। कोई सहायता नहीं मिलने के बाद शव को मेडिकल से लेकर परिजन वापस चले गए।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.