बिहार : बच्चों से क्या कहूंगा, कहां गई मम्मी…..

समस्तीपुर : सभी अपने दुख से दुखी हैं, किंतु कई मौके ऐसे आ जाते हैं, जब दूसरे की तकलीफ देख या सुनकर आंखें भर आती हैं। बिहार के समस्तीपुर जिला अंतर्गत विभूतिपुर थाने में एक ऐसा ही दृश्य देखने को मिला जब सभी गमजदा हो गए। अपने दूसरे पति के साथ जा रही महिला से युवक ने पूछा, बच्चों से क्या कहूंगा, उसकी मम्मी कहां चली गई? यह सुनने के बाद तो आंसू को पलकों से छिपाना लोगों के लिए मुश्किल हो गया, मगर वह नहीं रुकी। पति का हाथ थामी और अपनी नई दुनिया बसाने के लिए चली गई।

दरअसल, विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से विगत 10 दिन पहले स्कूटी पर सवार होकर गायब हुई मिहिला अपने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद थाने पहुंच गई। वहां उसने अपहरण की बात को गलत बताते हुए दूसरी शादी करने की जानकारी पुलिस को दी। इस बीच पुलिस ने महिला के आने की सूचना प्राथमिकी दर्ज कराने वाले उसके पूर्व के ससुर को दी।

वे अपने बेटे व अन्य स्वजन के साथ थाना पहुंच गए। इसके बाद जो घटनाक्रम चला, वह किसी फिल्मी पटकथा की तरह ही लग रहा था। सबने महिला से लौट आने का मनुहार किया। दोनों बच्चों का वास्ता दिया। मौजूद अन्य लोगों ने भी परिवार के टूटने और इसका बच्चों पर प्रभाव पड़ने की बात उसे समझाने की कोशिश की।

यहां तक कि पुलिस वालों ने भी उसे अपने फैसले पर एक बार फिर से विचार करने का आग्रह किया, लेकिन वह संकल्प करके आई थी और उस पर डटी रही। उसके पहले पति ने कहा, बच्चों से क्या कहूंगा, उसकी मम्मी कहां चली गई? इस सवाल ने वहां मौजूद अन्य लागों को गमगीन कर दिया।

महिला के अटल फैसले को देखते हुए पुलिस ने उसे बयान के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां भी उसने नए जीवनसाथी चुन लेने और उसके साथ शादी रचाने की बातें दोहराईं। साथ ही नए पति के साथ जाने की इच्छा जताई। न्यायालय ने उसे अपने दूसरे पति के साथ रहने की अनुमति दे दी।

इस बारे में थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने बताया कि घटना को लेकर महिला के ससुर ने कहा था कि उसकी बहू दो बच्चे की मां है। विगत 17 फरवरी को दलसिंहसराय बैंक के काम को लेकर घर से निकली थी। देर होने पर वह घर वापस नहीं लौटी तो स्वजनों को काफी चिंता हुई।

सभी ने मिलकर उसे खोजने की कोशिश शुरू की। इसी क्रम में पता चला कि महमदपुर सकड़ा वार्ड 5 निवासी प्रमोद महतो के पुत्र गोपाल कुमार उसे बहलाकर कहीं ले गया है। जब महिला के स्वजन उसके घर पहुंचे तो आरोपित के पिता प्रमोद महतो और उसकी मां ने भी इसको स्वीकार किया कि उसका पुत्र ही उसकी बहू को ले गया है। महिला का पहला पति दिल्ली में रहकर काम करता था। उसने महिला के नाम से कुछ जमीन भी खरीद रखी थी।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading