PATNA : चक्रवाती तूफान की वजह से शीतलहरी जैसी स्थिति हो गई, बदल गया स्कूल टाइम

पटना : चक्रवाती तूफान की वजह से पटना में भी शीतलहरी जैसी स्थिति हो गई है। रात से ही पूरे शहर में बूंदाबांदी हो रही है। मंगलवार को भी यह जारी है। आकाश में बादल छाये हुए हैं। इससे शहर में कनकनी बढ़ गई है। इसके बाद भी मंगलवार को अहले सुबह बच्चे समय पर स्कूल पहुंचे। इससे उन्हें काफी परेशानी हुई। ऐसे में पटना के डीएम अंकल ने बच्चों के मन की बात समझी और स्कूल का टाइम बढ़ा दिया. यह टाइम सरकारी और गैरसरकारी, दोनों पर लागू होगा।

जानकारी के अनुसार ठंड को देखते हुए पटना के डीएम कुमार रवि ने शहर के स्कूलों के समय में फेरबदल किये हैं। नये आदेश के अनुसार राजधानी के सभी स्कूल सुबह 9.30 बजे से खुलेंगे. साथ ही यह आदेश कक्षा 8वीं तक पर लागू होगा।

दरअसल आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में आए चक्रवाती तूफान फेथई के कारण पटना समेत पूरे बिहार में ठंड बढ़ गयी है। पटना के अलावा गया, जमुई, मुजफ्फरपुर, बांका, पूर्णिया समेत अनय जिलों से भी बूंदाबांदी की खबर आ रही है।

मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को कुछ इसी तरह मौसम का मिजाज रहेगा। कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। बुधवार से मौसम साफ होने की उम्मीद मौसम विभाग ने जतायी है।

उधर मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार के मुताबिक यह मौसम गेहूं की बोआई के लिए लाभदायक है। खेतों को नमी मिली है। इस समय होनेवाली हल्की बारिश हर फसल के लिए अच्छा होगा। इससे किसानों को खेती में काफी फायदा होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading