मुजफ्फरपुर। बिहार अंडर-14 स्कूली फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पेनल्टी शूट आउट में मेजबान मुजफ्फरपुर की टीम को हार का सामना करना पड़ा।
शहीद खुदीराम बोस खेल मैदान में मंगलवार दोपहर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में बक्सर ने मेजबान टीम को 4-3 से शिकस्त देकर पहली बार टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।
स्थानीय दर्शकों व अतिथियों के बीच बक्सर और मुजफ्फरपुर के बीच बेहतरीन मुकाबला खेला गया। दर्शकों ने मुजफ्फरपुर की टीम का समर्थन कर रहे थे। निर्धारित व अतिरिक्त समय में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
निर्णायकों ने पेनल्टीशूट आउट का सहारा लिया। मकसूद अंसारी, शिवम कुमार, इरफान खान व अमन खान ने बक्सर के लिए गोल किए। वहीं, मेजबान टीम के लिए यासीर, आदित्य कुमार व नितिन ही पेनल्टी शूट को गोल में तब्दील कर पाए।
जीत के बाद बक्सर के खिलाड़ी खुशी से झूमने लगे। खिलाड़ियों ने कहा, पूरी टीम फार्म में रही। खासकर मुजफ्फरपुर के स्ट्राइकर नितिन हमारे मजबूत किलेबंदी को भेद नहीं पाए। कहा बक्सर की जीत में सही रणनीति काम आयी।


