मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक सत्र 2022-25 में नामांकन के लिए अप्रैल में प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसको लेकर विवि ने तैयारी शुरू कर दी है। जिन संबद्ध डिग्री कालेजों को पिछले सत्र में नामांकन की मान्यता मिली है।
उन्हें 30 मार्च तक संस्थान में आधारभूत संरचना और शिक्षकों की नियुक्ति की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। स्थायी संबंधन व अंगीभूत कालेजों में सीटों की संख्या नहीं बढ़ेंगी। वहीं नव संबंधन वाले कालेजों में सीटों की संख्या में वृद्धि की जाएगी।

इस वर्ष भी कालेज सीधे विद्यार्थियों का नामांकन नहीं ले पाएंगे। विवि की वेबसाइट पर विद्यार्थी आवेदन करेंगे। यहां अधिकतम पांच कालेजों का विकल्प मिलेगा। विद्यार्थियों को प्राप्त अंक के आधार पर विवि की ओर से कालेज आवंटित किया जाएगा।
पहले तीन बार केंद्रीकृत मेधासूची जारी की जाएगी। इसके बाद भी यदि सीट रिक्त रहता है तो चौथी और पांचवीं मेधा सूची पर भी विचार किया जा सकता है। डीएसडब्ल्यू प्रो.अजीत कुमार ने बताया कि नव संबंधन वाले कालेजों में बिना प्रायोगिक वाले विषयों में वर्तमान में 64 और प्रायोगिक वाले विषयों में 32 सीटें निर्धारित हैं।

सीटों में वृद्धि के बाद गैर प्रायोगिक विषयों में 96 और प्रायोगिक वाले विषयों में सीटों की संख्या 64 की जाएगी। इसको लेकर संबंधित संस्थानों को पत्र भेजकर आधारभूत संरचना और शिक्षकों की नियुक्ति की स्थिति का विवरण मांगा गया है। 30 मार्च तक रिपोर्ट मिलने के बाद पहले सीट विस्तार किया जाएगा। इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू की जाएगी।
