कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार को लेकर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स की चर्चा पूरे देश में है। कई राज्यों की सरकार ने इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है। बिहार में भी विधायकों की मांग पर सरकार ने फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है। बीजेपी के विधायक इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित भी दिख रहे हैं। बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की ओर से सोमवार को यह फिल्म पटना के मोना सिनेमा हॉल में सभी विधायकों और विधान पार्षदों को दिखाया जाना है। इसको लेकर सोमवार को बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ।

कश्मीर फाइल्स फिल्म उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की ओर से दिखाए जाने को लेकर एनडीए के विधायक उत्साहित हैं। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष ने भी विधायकों को याद दिलाया कि उन्हें आज कश्मीर फाइल्स फिल्म देखने जाना है।

इसके लिए उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की ओर से सभी विधायकों के लिए इंतजाम किया गया है। इसी बीच कांग्रेस की विधायक प्रतिमा दास ने विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी महिला अकेले कैसे फिल्म देखने जा सकती है, लिहाजा महिला विधायकों को 2 -2 टिकट मुहैया कराया जाए।

कांग्रेसी विधायक की मांग को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने तत्काल उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को निर्देश दिया कि महिला विधायक जो भी फिल्म देखने जाएंगी, उन्हें दो टिकट उपलब्ध कराया जाए। तार किशोर प्रसाद ने भी दो टिकट महिला विधायकों को उपलब्ध कराने की बात कही। हालांकि फिल्म देखने जाने के मामले में कांग्रेस की विधायक प्रतिमा दास का कहना है कि वह फिल्म देखने जरूर जाएंगी। वो देखना चाहती हैं कि इस फिल्म में हकीकत दिखाया गया है या फिर इस फिल्म को बीजेपी के एजेंडे पर बनाया गया है।

कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर विधानसभा में वाम दल के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। वाम दल के सभी विधायक वेल में आकर यह मांग करने लगे कि फिल्म पर रोक लगनी चाहिए। इस फिल्म को सभी विधायकों को और विधान पार्षदों को दिखाया जाना भी गलत परंपरा है। इस फिल्म में एक खास धर्म के लोगों को टारगेट किया गया है।

बीजेपी विधायक संजय सरावगी ने सभी दलों के विधायकों से यह अपील की कि सभी लोग फिल्म देखने चलें। वहीं राजद के विधायकों ने इस फिल्म को देखने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने की जगह वो लोगों की सेवा करने में विश्वास रखते हैं।
कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने फिल्म देखने से इंकार करते हुए कहा कि उनकी बेटी खुद फिल्मों में काम करती है, लिहाजा उन्हें पता है कि फिल्मों को कैसे बनाया जाता है और उनके पास इतना समय भी नहीं कि जाकर कोई फिल्म देखें।
