पटना. बिहार में लोकसभा चुनावों में सीट शेयरिंग को लेकर शुक्रवार को लोजपा नेता रामविलास पासवान की मुलाकात भाजपा नेता और वित्त मंत्री अरुण जेटली से हुई। इस दौरान चिराग पासवान और बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव भी मौजूद थे। मुलाकात संसद में स्थित अरुण जेटली के चेंबर में हुई। बैठक के बाद चिराग पासवान ने मीडिया से कहा कि अभी बात चल रही है। सही समय आने पर बोलूंगा। वहीं, भूपेंद्र यादव ने कहा कि सभी दल साथ हैं। सीट के बंटवारे पर अभी फैसला नहीं हुआ है।

गुरुवार को अमित शाह से मिले थे रामविलास
राम विलास पासवान ने बेटे चिराग के साथ गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की थी। भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव पासवान परिवार को लेकर शाह के आवास पर पहुंचे थे। यह मुलाकात करीब एक घंटे तक चली थी। दो दिन पहले चिराग ने बिहार में सीटों के बंटवारे और एनडीए के सहयोगी दलों को भाजपा नेताओं की ओर से सम्मान न मिलने को लेकर नाराजगी जताई थी। इसके बाद से ही भाजपा डैमेज कंट्रोल में जुटी है।

2014 में 6 सीटों पर जीती थी लोजपा
2014 में हुए लोकसभा चुनावों में लोजपा ने 6 सीटों पर जीत हासिल की थी। राज्य की 40 लोकसभा सीटों में से भाजपा ने 22, रोलसपा ने 3, जदयू ने 2, राजद ने 4, कांग्रेस ने 2 और एनसीपी ने 1 सीट पर जीत हासिल की थी।