पटना. बड़े व्यवसायी और दवा कारोबारी गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की हत्या के विरोध में शुक्रवार को पटना के दवा दुकानदारों ने दुकानें बंद रखी। व्यवसायियों ने हत्या के विरोध में राजभवन मार्च किया। उनके साथ बीजेपी कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
जाप कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
दूसरी तरफ जन अधिकार मोर्चा (जाप) पार्टी के नेता और सांसद पप्पू यादव कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरे और गुंजन की हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पप्पू यादव के समर्थकों ने काफी देर तक हंगामा किया।
पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
गर्दनीबाग में जाप कार्यकर्ता जुटे थे। यहां से वे राजभवन मार्च के लिए निकलने वाले थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर जाप कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इसके बाद पप्पू यादव के समर्थक हंगामा करने लगे।

जाप कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और उसे पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस ने भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे गए।
हंगामे पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज में पंकज नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती किया गया है। वहीं, पथराव से एक पुलिस ऑफिसर का सिर फट गया।