बिहार एमएलसी चुनाव के लिए सोमवार को आठ बजे से वोटिंग जारी है। मतदान की प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलेगी। बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकार चुनाव के लिए 534 प्रखंड मुख्यालय में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
नगर निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों के सवा लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 24 सीटों के लिए किस्मत आजमा रहे 187 प्रत्याशियों के भाग्य मूल्यांकन करेंगे। आयोग की ओर से निष्पक्ष, निर्भीक, पारदर्शी और स्वच्छ मतदान के लिए संपूर्ण तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई है।
सोमवार की सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम चार बजे तक जारी रहेगा। स्थानीय प्राधिकार चुनाव में कुल 1,34,106 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। किसी भी उम्मीदवार को पार्टी का चुनाव चिह्न नहीं मिला है।

मत पत्र पर प्रत्याशी के नाम के सामने पार्टी का नाम लिखा है। 24 सीटों के लिए कमोबेश सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राजद (23), भाकपा (01),भाजपा (12), जदयू (11) रालोजपा (01) और कांग्रेस (15) के अलावा कुछ सीटों पर लोजपा रामविलास और विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार भी हैं। खासकर वीआइपी के संस्थापक मुकेश सहनी और चिराग पासवान की साख कसौटी पर है।

पटना से छह, नालंदा से पांच, गया-जहानाबाद-अरवल से पांच, औरंगाबाद से आठ, नवादा से 11, भोजपुर-बक्सर से दो, रोहतास-कैमूर से नौ, सारण से आठ, सिवान से आठ, गोपालगंज से छह, पश्चिम चंपारण से सात, पूर्वी चंपारण से सात, मुजफ्फरपुर से छह, वैशाली से छह,
सीतामढ़ी-शिवहर से पांच, दरभंगा से 13, समस्तीपुर से आठ, मुंगेर-जमुई-लखीसराय-शेखपुरा से13, बेगूसराय-खगडिय़ा से 12, सहरसा-मधेपुरा-सुपौल से 14, भागलपुर-बांका से सात, मधुबनी से छह, पूर्णिया-अररिया सह किशनगंज से सात और कटिहार निर्वाचन क्षेत्र से आठ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
