पटना। सूर्योपासना का महापर्व चैती छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान मंगलवार से नहाय-खाय से शुरू हो जाएगा। शहर के गंगा घाटों पर छठ गीत गाते व्रती नहाय-खाय के साथ व्रत को आरंभ करेंगी।
ज्योतिषाचार्य राकेश झा ने पंचांग के हवाले से बताया कि चैत्र शुक्ल चतुर्थी पांच अप्रैल को सर्वार्थ सिद्धि व रवि योग के पुण्यकारी संयोग में नहाय-खाय होगा।
व्रती गंगा स्नान करने के बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य एवं पूजा अर्चना करने के बाद अरवा चावल, चना दाल, कद्दू की सब्जी ग्रहण करेंगी।
छह अप्रैल को रोहिणी नक्षत्र व आयुष्मान योग में पूरे दिन उपवास करने के बाद शाम में खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास व्रत का संकल्प लेंगी। चैत्र शुक्ल षष्ठी तिथि सात अप्रैल को छठ व्रती अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी आठ अप्रैल को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ का समापन करेंगी। पांच अप्रैल – नहाय-खाय, छह अप्रैल खरना, सात अप्रैल डूबते सूर्य को अर्घ्य, आठ अप्रैल-उगते सूर्य को अर्घ्य
