हाजीपुर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर आजकल खूब बातें हो रही हैं। पक्ष से लेकर विपक्ष तक हर दल के नेता ने इस वाकये पर अपने-अपने तरीके से बात रखी है। अब राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस ने अपनी बात रखी है।
नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने के मसले पर पशुपति पारस ने कहा कि यह तो पूरी तरह बेबुनियाद बात है। उन्होंने नमक-रोटी और अच्छे खाने का उदाहरण देते इस बात को समझाने की कोशिश की। ख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर को मीडिया की उपज बताते हुए पशुपति कुमार पारस ने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि आप लोग ही बताइए कि कोई अच्छा खाना खाता है उसे नमक-रोटी दीजिएगा तो खाएगा। कहा कि इस खबर में दूर-दूर तक कोई सच्चाई नहीं है। केंद्रीय मंत्री पारस ने सोमवार को हाजीपुर पहुंचकर विधान परिषद के चुनाव में मतदान किया। पारस ने कहा कि बिहार में 24 सीट पर होने वाले चुनाव में एनडीए गठबंधन 90 से 95 प्रतिशत सीट पर जीत दर्ज करेगी।
हाजीपुर से रालोजपा के उम्मीदवार भूषण कुमार बिहार में सबसे अधिक मत से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि 16 प्रखंड में हमारे सर्वे के अनुसार 80 प्रतिशत मतदाताओं ने रालोजपा के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। दिल्ली में 12 जनपथ का राम विलास पासवान बंगला खाली करने के मसले पर भी पशुपति पारस ने खुलकर बातें कीं। उन्होंने इस मामले में चिराग पासवान पर नौटंकी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाई को लेकर उन्हें सबसे अधिक दुख है, लेकिन चिराग पासवान ने इस मौके को भी राजनीति के लिए इस्तेमाल किया।
