बगहा: यूपी के सोहगीबरवा में सफारी, से बिहार के वीटीआर पर पड़ सकता असर, कैसे…

बगहा। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे उत्तर प्रदेश के महराजगंज के सोहगीबरवा में आज से जंगल सफारी शुरू होगी। इसके लिए 1560 रुपये रखा गया है। एक जिप्सी में छह पर्यटक बैठ सकते हैं। फिलहाल, दो जिप्सी मंगाई गई है। सोहगीबरवा से सटे वीटीआर की सीमा है। एक पर्यटन सीजन में उत्तर प्रदेश के इन इलाकों से चार से पांच हजार पर्यटक वीटीआर में जंगल सफारी के लिए आते हैं। सोहगीबरवा में जंगल सफारी का असर वीटीआर पर पड़ सकता है।

यहां 47 तेंदुए हैं। इधर, वीटीआर प्रशासन का दावा है कि कोई असर नहीं पड़ेगा। वन्यजीवों से प्यार और बाघ के दीदार के बीच प्रकृति की सुखद अनुभूति वीटीआर में तो जरूर मिलती है। लेकिन उत्तर प्रदेश के पर्यटक अपने प्रदेश में अब जंगल सफारी का लुत्फ उठा सकते है। पांच अप्रैल से उनकी यह चाहत भी पूरी होगी। सब नया होगा। रास्ते नए, रेंज नया, रेस्ट हाउस नया, साइट सीन नया, तेंदुआ और तो और जिप्सी भी नई। न भीड़ होगी और न बुकिंग की मारामारी।

कृत्रिम कुछ भी नहीं, सब प्राकृतिक। सोहगी बरवा वन्यजीव प्रभाग की सुंदरता पर्यटकों के सीधे दिल में उतर जाएगी। वन विभाग पहली बार इस रेंज के दरवाजे पर्यटकों के लिए खोल रहा है। इसके खुलने से वीटीआर में पर्यटकों की आमद पर असर नहीं पड़ेगा। वाल्मीकिनगर रेंजर महेश प्रसाद की मानें तो वीटीआर की सीमा सोहगीबरवा के जंगल से लगती तो जरूर है। लेकिन यह वन क्षेत्र का एक चौथाई हिस्सा मात्र है।

जो बिहार सीमा से सटा है। शेष दो तिहाई जंगल नारायणी नदी के दूसरी ओर है। नदी पर पुल नहीं होने के कारण उत्तर प्रदेश के पर्यटक सीधे वीटीआर नहीं आ सकते हैं। यहां मिश्रित घने वन के साथ तेंदुआ, चीतल, सरीसृप, पक्षियों की तमाम प्रजातियां मौजूद हैं। ब्रिटिशकालीन बंगले के सुंदरीकरण के बाद पर्यटन जोन को अंतिम रूप दिया गया है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.