पटना। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि की वजह से अब ट्रक भाड़ा बढ़ाने पर चर्चा होने लगी है। सब्जी और जिंसों की ढुलाई तो अभी पुरानी ही दर पर हो रही है लेकिन फल मंडी में पांच से दस रुपये पेटी भाड़ा बढ़ गया है। परिवहन भाड़ा बढ़ा तो हर तरह की वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ेगा। व्यापारिक वस्तुओं की ढुलाई का खर्च बढ़ा तो कीमतें बढ़ सकती हैं। ऐसे में महंगाई और सताएगी।
इस तथ्य को व्यापारिक वर्ग स्वीकार कर रहे हैं। थोक किराना मंडी मारुफगंज के व्यवसायी सह किराना व्यवसायी संघ के प्रवक्ता विनय अग्रहरी पप्पू का कहना है कि अभी भाड़ा बढ़ा नहीं है लेकिन एक रुपये प्रति किलो की दर से भाड़ा बढ़ सकता है। इसी प्रकार अनाज मंडी मंसूरगंज व्यवसायी संघ के कार्यकारी सदस्य गोल्डन कुमार का मानना है कि दूसरे प्रांत से आने के कारण कुछ ट्रक चालक बढ़ा कर मांगने लगे हैं। खाद्य तेल मंडी मारूफगंज के व्यापारी कृष्ण कुमार टिस्सू का कहना है कि अगर भाड़ा बढ़ा तो खाद्य तेल की कीमतों में और वृद्धि होगी।

फिलहाल भाड़े में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। मीठापुर सब्जी मंडी के व्यवसायी संजय कुमार ने कहा कि अभी भाड़ा नहीं बढ़ा है लेकिन बढ़ाने की बात होने लगी है। हालांकि थोक फल मंडी के व्यवसायी राकेश कुमार ने कहा कि जो पेटी 95 रुपये में ट्रक वाले ढोते थे, अब किराया 100 रुपये ले रहे हैं। कश्मीर से आने वाले ट्रक 10 रुपये पेटी अधिक भाड़ा ले रहे हैं। इससे फलों की कीमतों पर दो से तीन रुपये की वृद्धि करनी पड़ी है।
मंडी के व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में दक्षिण भारत के गुंटूर केरल व अन्य जगह से आने वाली व्यापारिक वस्तुएं का नौ रुपये प्रति किलो की दर से भाड़ा का भुगतान किया जा रहा है। कीमत बढ़ने पर भाव दस रुपये प्रति किलो की दर पर पहुंच जाएगा। इसी प्रकार गुजरात के ऊंझा मंडी से सात रुपये प्रति किलो, राजस्थान से साढ़े पांच रुपये प्रति किलो की दर से किराना मंडी में व्यापारिक वस्तु की ढुलाई हो रही है।
अनाज मंडी के व्यापारिक वर्ग स्वीकार करते हैं कि मध्य प्रदेश, राजस्थान,दिल्ली, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ से माल ढुलाई में दो रुपये 40 पैसे प्रति क्विंटल की दर से भाड़ा का भुगतान किया जाता है। कुछ ट्रक मालिक की ओर से भाड़ा बढ़ाने के बाद तीन रुपये 20 पैसे की दर से वसूली की जा रही है।
