शहरी क्षेत्र में गिर रहा भूजल का स्तर, किन हिस्सों में आई गिरावट…

मुजफ्फरपुर। गर्मी बढ़ने के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में भू-जल का स्तर गिर रहा है। सबसे अधिक गिरावट शहर के उत्तरी भाग विशेष कर बूढ़ी गंडक नदी के किनारे वाले इलाकों में हुई है। हालांकि अभी जलस्तर में मामूली गिरावट हुई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में यह भू-जल स्तर तेजी से गिरेगा जिससे पेयजल संकट की स्थित उत्पन्न हो सकती है।

नगर निगम के जल कार्य शाखा के अनुसार शहरी क्षेत्र में सामान्य जल स्तर 25 फीट रहता है। बीते वर्ष अच्छी बारिश के कारण यह जलस्तर 15 से 20 फीट तक आ गया था, लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ जल स्तर में गिरावट शुरू हो गई है। नगर निगम द्वारा अब तक दो बार, 28 फरवरी एवं 27 मार्च को पंप हाउसों के पास जल स्तर की मापी की गई।

मापी से जो आंकड़े आए हैं उसके अनुसार जल स्तर में चार से आठ फीट की गिरावट हुई है। पानी कल शाखा के जानकार बताते हैं कि अभी जल संकट की स्थिति नहीं है, लेकिन गिरावट का यह क्रम जारी रहा तो आगे स्थिति गंभीर हो सकती है। जिन घरों में सामान्य पंप लगे हैं उनको पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

यह स्थिति बड़ी संख्या में लगाए गए सबमर्सिबल पंपों के कारण है। शहर में हर कोई पानी के लिए सबमर्सिबल पंप लगा रहा है। इसके कारण जिन घरों में सामान्य पंप लगा है वह पानी नहीं खींच पा रहे हैं। मिठनपुरा इलाके के राजू कुमार परेशान हैं।

उनका कहना है कि उनके घर में लगा पंप पानी नहीं खींच पा रहा रहा। उनके आसपास के सभी मकानों में सबमर्सिबल पंप लगा है। ऐसे हालात शहर के कई इलाकों में है। वहीं नगर निगम बिना अनुमति भू-जल का दोहन करने वालों पर शिकंजा कसा हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.