मुजफ्फरपुर। नगर निगम में नवीकरण को आए ट्रेड लाइसेंस के दो मामले फ’र्जी पाए गए। निगम की जांच में पाया गया कि इन दोनों मामले में पदाधिकारी का हस्ताक्षर, मुहर, लाइसेंस की राशि एवं लाइसेंस संख्या सही नहीं है। मामला पकड़ में आने के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से नगर थाने में प्रा’थमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें दोनों दुकानदार को नामजद किया गया है।
पुलिस को दिए गए आवेदन में निगम के ट्रेड लाइसेंस स्टाल प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत शहर में व्यवसायियों को ट्रेड लाइसेंस शुल्क जमा कर ट्रेड लाइसेंस दिया जा रहा है।
इसी दौरान निगम के ट्रेड लाइसेंस के नवीकरण को लेकर नाजिरपुर के विशाल सिंह की तरफ से गल्ला कारोबार के लिए साल 2021-22 के लाइसेंस नवीकरण और बालूघाट नाजिरपुर के जितेंद्र राम के नाम से किराना दुकान के साल 2017-18 से नवीकरण के लिए दो आवेदन कार्यालय में आए। इन दोनों आवेदनों व लाइसेंस की जांच की गई तो फर्जी पाया गया।
इसके बाद निगम प्रशासन की ओर से मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्णय लिया गया। तब जाकर ट्रेड लाइसेंस व स्टाल प्रभारी ने मामला दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि कांड दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बहरहाल यह मामला सामने आने के बाद इससे इन्कार नहीं किया जा सकता कि और भी मामले फर्जी इसी तरह निकल सकते है। हालांकि यह तो नगर निगम प्रशासन व पुलिस की आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
