केंद्रीय विद्यालयों में नामांकन की लाटरी स्थगित, सीबीएसई के छात्र स्कूल से लें सकते हैं एडमिट कार्ड

 सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) द्वारा संचालित स्कूलों में 10 वीं एवं 12वीं के परीक्षार्थियों के लिए एडमिट कार्ड का वितरण सोमवार से प्रारंभ हो गया। स्कूल के प्राचार्यों को बोर्ड की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर हस्ताक्षर एवं मुहर के साथ विद्यार्थियों को मुहैया कराना है।

सीबीएसई की मुख्य परीक्षा 26 अप्रैल से आयोजित की जाएगी। केंद्रीय विद्यालय बेली रोड के प्राचार्य पीके सिंह का कहना है कि बोर्ड की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिया गया है। सोमवार से वितरण शुरू कर दिया गया है। परीक्षार्थी अपनी सुविधा के अनुसार, स्कूल से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश पत्र परीक्षार्थी को ही दिया जाएगा।

केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक में नामांकन के लिए 18 अप्रैल को निकाली जाने वाली लाटरी स्थगित कर दी गई है। अब लाटरी निकालने की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। मालूम हो कि इसके पहले केंद्रीय विद्यालय ने सांसद एवं आयुक्त का कोटा समाप्त कर दिया है। कक्षा एक में नामांकन के लिए 13 अप्रैल तक अवधि निर्धारित की गई थी।

एसोसिएशन आफ पब्लिक स्कूल के पूर्व कोषाध्यक्ष एके नाग का कहना है कि भीषण गर्मी एवं जिला प्रशासन के निर्देश के बाद निजी स्कूलों को 11.45 तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। स्कूल सुबह छह बजे से दोपहर 11.45 तक संचालित होंगे। उसके बाद सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी जाएगी। सरकारी स्कूल पहले से ही 11.30 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.