मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर आई हॉस्पिटल आंखफोड़वा कांड के 150 दिन पूरे होने पर बिहार सिविल सोसाइटी एवं युवा संघर्ष शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में न्याय यात्रा का आयोजन किया गया। यह न्याय यात्रा खुदीराम बोस स्टेडियम से शुरू होकर जूरन छपरा आई हॉस्पिटल तक निकाली गई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों व अंधेपन का शिकार हुए मरीज व उनके परिजनों ने आई हॉस्पिटल के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुआवजा देने के साथ ही आंख के बदले आंख देने की मांग की। बिहार सिविल सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष आचार्य चन्द्रकिशोर पाराशर ने कहा की स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मिलकर अस्पताल प्रबंधन आई हॉस्पिटल को नियम विरूद्ध ढंग से खोलने का षड्यंत्र रच रही है जिसे हम किसी भी हाल में सफल नहीं होने देंगे।
अस्पताल प्रबंधन प्रत्येक मरीज को मुआवजा व आंख के बदले आंख का प्रत्यारोपन नहीं करवाती है तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। युवा संघर्ष शक्ति के राष्ट्रीय संयोजक अनय राज ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन इतनी बेशर्म और क्रूर है कि दुर्घटना के पांच महीना बीत जाने के बाद भी अंधेपन के शिकार हुए मरीजों को किसी प्रकार का मुआवजा देने के लिए तैयार नहीं है।
यदि मुआवजा नहीं दिया गया तो आई हॉस्पिटल का ईंट से ईंट बचा देंगे। इस मौके पर सनातन हिन्दु वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा, राजा बाबू, वैभव मिश्रा, प्रभात कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

