छपरा : आरा के जगदीशपुर में आयोजित विजयोत्सव रैली में शत्रु देश पाकिस्तान के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने की योजना है। बाबू वीर कुंवर सिंह के मान सम्मान को बढ़ाने के लिए पार्टी ने इसकी तैयारी की है। श्रम संसाधन मंत्री जिवेश मिश्रा ने छपरा में तैयारियों की समीक्षा के दौरान इसकी जानकारी दी।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री जिवेश मिश्रा आरा में होने वाली विजयोत्सव रैली की तैयारी की समीक्षा बैठक के लिए गुरुवार को छपरा पहुंचे थे।

मंत्री ने बताया कि छपरा से बड़ी संख्या में लगभग 30000 से ऊपर लोग 23 अप्रैल को बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्म भूमि आरा के जगदीशपुर में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और इसमें शत्रु देश पाकिस्तान द्वारा एक साथ 57 हजार 645 राष्ट्रीय झंडे के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ना भी लक्ष्य है।

इसमें एक लाख से ज्यादा तिरंगों को हाथ में लेकर जगदीशपुर के मैदान में सारे लोग एकत्र होंगे और एक नया विश्व कीर्तिमान बनेगा। तब पूरे देश में बाबू वीर कुंवर सिंह के मान सम्मान और कीर्तिमान को स्थापित करने का काम आरा की भूमि से होगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं इस रैली के संयोजक तथा बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी ने कहा कि छपरा से बाबू वीर कुंवर सिंह की भूमि आरा जगदीशपुर को बहुत सी उम्मीदें आज भी छपरा से हैं। उम्मीद ही नहीं विश्वास है कि सारण से ज्यादा से ज्यादा लोग इस रैली को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। छपरा के विधायक डॉ. सीएन गुप्ता भी बैठक में मौजूद रहे।