मुजफ्फरपुर : मोटरपंप नहीं खींच रहे पानी : नदी किनारे होकर भी नहीं बुझ रही प्यास

शहर के बीच से नदी गुजरने के बाद भी शहर की प्यास नहीं बुझ रही है। भीषण गर्मी में सकरा व मुरौल से भी खराब स्थिति शहर की हो गई है। शहरी क्षेत्र में पानी का लेयर लगातार गिर रहा है। इससे शहर में पानी का संकट हो गया है। खास कर नदी किनारे बसे इलाकों में लेयर तेजी से गिर रहा है। वहीं, शहर के मध्य बसे इलाकों में जिनके पास सबमर्सिबल नहीं है, उन घरों में भूजल स्तर कम होने से दोपहर में मोटरपंप पानी नहीं खींच पा रहे हैं।

अखाड़ाघाट इलाके का जलस्तर सबसे तेजी से नीचे गिरते हुए साढ़े 37 फीट तक पहुंच गया है।वार्ड-18 स्थित चांदकोठी मोहल्ला, मिश्रा टोला, नारायण साह कॉलोनी, मल्लिक टोला, नई बाजार, तेली टोला समेत कई बड़े इलाके में भीषण जलसंकट की समस्या बनी हुई है। वार्ड पार्षद पति धीरज कुमार का कहना है कि 5 एचपी की जगह 3 एचपी के मोटर पंप से काम चल रहा है। रमजान में लोगों का कोपभाजन बनना पड़ रहा है। कई बार फोन करने के बाद टैंकर से पानी भेजा जा रहा है। आमगोला नाका गली के सत्यम मिश्रा बताते हैं कि सुबह 10 बजे से शाम करीब 3 बजे तक मोटर पानी नहीं खींच रहा है। मकान मालिक की हिदायत है कि सुबह में ही पानी स्टॉक कर लीजिए।

इसी तरह की स्थिति मिठनपुरा जगदीशपुरी, सिकंदरपुर प्रभात जर्दा फैक्ट्री, सिकंदरपुर व काली मंदिर, एसएसपी कोठी इलाके में बनी हुई है। वार्ड पार्षद रतन शर्मा बताते हैं कि बांध किनारे पुरानी पाइपलाइन से पानी का प्रेशर कम हो गया है। वार्ड-13 की पार्षद सुनीता भारती ने बताया कि सिकंदरपुर अनुपम कैंपस, अन्नपूर्णा मंदिर इलाके में भी पानी की किल्लत है। सिकंदरपुर कुंडल समेत कई बड़े इलाके में इसी तरह की स्थिति है।

निगम की पाइपलाइन में प्रेशर भी कम : इस बार सकरा व मुरौल से ज्यादा पानी की किल्लत शहर में
टैंकर भेज कर पानी की सप्लाई कर रहा नगर निगम
शहर में पानी का लेयर गिरने से नगर निगम का मोटरपंप पानी खींचने में हांफ रहा है। बूढ़ी गंडक नदी किनारे के इलाके में खास कर यह स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में नगर निगम टैंकर भेज कर पानी की सप्लाई कर रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए बुधवार को सरैयागंज टावर, मेहंदी हसन चौक व इमलीचट्टी चौक के पास निगम का टैंकर लगाया गया। पानी का दो टैंकर चांदकोठी व जुम्मा मस्जिद के निकट भी लगाया गया।

कच्ची-पक्की स्लम बस्ती में नहीं पहुंच रहा पानी, पाइप क्षतिग्रस्त
वार्ड-31 में माई स्थान के बगल वाली गली अतरदह कच्ची पक्की रोड स्थित स्लम बस्ती में पानी सप्लाई बाधित है। 3 साल साल पहले पाइपलाइन यहां बिछाई गई थी। वार्ड पार्षद रुपम कुमारी का कहना है कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है। स्लम बस्ती में पानी नहीं पहुंच रहा है। जिससे पानी की किल्लत हो गई है।

20 दिनों के अंदर कई इलाकों में 4 फीट तक गिरा पानी का लेयर
शहर में जल संकट को देखते हुए नगर निगम द्वारा पिछले दिनों जलस्तर की मापी कराई। जिसमें 20 दिनों के अंदर शहर के कई इलाके में 3 से 4 फीट तक पानी का लेयर गिरने का पता चला। नगर निगम के 80% मोटर पंप का लेयर औसत लेयर से 10 से 12 तक नीचे गिरा हुआ पाया गया।​​​​​​​

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading