
MOTIHARI : जिले में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के सरगना के बारे में पुलिस को उसके साथियों से जानकारी मिली है। पुलिस के हत्थे चढ़े शातिर चोर मुफस्सिल थाना के बड़हरवा निवासी सिपाही व राजू कुमार ने इस बात का खुलासा किया है कि गिरोह के सरगना पप्पू सहनी के इशारे पर जिले में बाइक की चोरी करते हैं। उसी के कहने पर चोरी की बाइक ले जाकर नेपाल में बेचते हैं। गिरोह में कुल पांच लोग शामिल हैं। बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि गिरोह में पप्पू सहनी व राजा कुमार के साथ और लोग भी शामिल थे।

याद रहे कि सोमवार को वाहन जांच के दौरान मोतिहारी-लखौरा पथ में वास्तु बिहार के समीप दो युवकों का पीछा कर पुलिस ने दोनों बदमाशों को चोरी की दो बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। जब्त बाइक का सत्यापन किया जा रहा है। दोनों चोरों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार चल रहे गिरोह के सरगना की खोज की जा रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया है कि छापेमारी टीम में दारोगा मनोज कुमार व संतोष कुमार शामिल थे। गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर छापेमारी की जा रही है। गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
