बिहार : एक्सपायर होने पर दिया जायकोव डी टीका लगाने का आदेश, 12 साल तक के बच्चों को वैक्सीन लगाने की तैयारी

भागलपुर : करीब ढाई महीने से भागलपुर के पास जायकोव डी टीके की 30 हजार डोज रखी है। यहां के डॉक्टरों, नर्सों व बीसीएम तक को टीके लगाने की ट्रेनिंग भी दी जा चुकी थी लेकिन इसे लगाने का अभियान अचानक टाल दिया गया। अब केंद्र सरकार ने जायकोव डी टीके को लगाने की मंजूरी दी है, लेकिन तब, जब ये टीके एक्सपायर हो चुके हैं।

भागलपुर जिले को 30 हजार डोज जायकोव डी का टीका चार फरवरी 2022 को मिला था। तय हुआ था कि 12 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों को फार्मा जेट इंजेक्टर से जायकोव डी का टीका लगाया जाएगा। इससे पहले डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ व स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर जेएलएनएमसीएच भागलपुर में जिले के हर अस्पताल से दो-दो मेडिकल ऑफिसर, हेल्थ मैनेजर, बीसीएम व नर्स को ट्रेनिंग दी।

इसमें इस टीके को लगाने की विधि से लेकर टीका लगाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। लेकिन जब पांच फरवरी से इस अभियान को जिले में शुरू करने की बारी आयी तो इसकी पूर्व संध्या यानी चार फरवरी को ही राज्य स्तर से निर्देश आया कि कोविन पोर्टल पर जायकोव-डी का टीका एड नहीं हो पाया है, अगले आदेश तक इसे रोक दिया जाए। इसके बाद से टीका लगाने का अभियान शुरू नहीं किया गया और ये टीके मार्च 2022 को ही एक्सपायर हो गये।

केंद्रीय स्तर से जारी आदेश के बाद अब जिला स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर से जिले के पांच से 12 साल तक के बच्चों को कोरोना टीका लगाने की तैयारी में जुट गया है। सिविल सर्जन डॉ. उमेश शर्मा ने कहा कि अभी जिले में इस उम्र वर्ग के बच्चों की अनुमानित संख्या का आकलन कराया जा रहा है।

भागलपुर के जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने कहा, ‘जिले को मिला जायकोव डी का पूरा लॉट एक्सपायर नहीं हुआ है बल्कि जायकोव डी की एक हजार डोज के कुछ वॉयल एक्सपायर हुए हैं। इसकी सूचना मार्च में ही संबंधित अधिकारियों को दे दी गयी है। वहां से मिले निर्देश के अनुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading