मुजफ्फरपुर। रमजान के अंतिम जुमा की नमाज आज अदा की जाएगी। अलविदा जुमा में नमाजियों की पहुंचने वाली भीड़ को लेकर मस्जिदों में खास इंतजाम किए गए हैं। कंपनीबाग मुख्य सड़क पर दोपहर 12 से दो बजे के बीच यातायात प्रभावित हो सकता है। इस संबंध में मस्जिद कमेटी की ओर से नगर थाना एवं प्रशासन को पत्र दिया गया है। हालांकि कंपनीबाग जामा मस्जिद में सड़क पर नमाज अदा से बचने के लिए कमेटी ने मस्जिद के सबसे ऊपरी तल पर पंडाल की व्यवस्था की है।
कमेटी का कहना है कि सड़क पर नमाज अदा करने से परहेज किया जाएगा, लेकिन यहां अलविदा जुमे में काफी संख्या में लोग जुटते हैं। ऐसे में मस्जिद पूरी तरह से भरने के बाद मजबूरी में सड़क पर नमाज अदा की जा सकती है। मस्जिद कमेटी के सचिव जशीम मुजफ्फर ने कहा कि नमाजियों की सुविधा के लिए पंडाल बनाए गए हैं।
उनकी कोशिश है कि चिलचिलाती धूप में लोगों को सड़क पर नमाज अदा नहीं करना पड़े। यातायात भी प्रभावित नहीं हो । ज्ञात हो कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव को लेकर सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए दो वर्ष अलविदा जुमा की नमाज सामूहिक तौर पर अदा नहीं की गई।
इस वर्ष एक बार फिर नमाजियों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इधर, शहर से लेकर गांव तक की मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज को लेकर विशेष तैयारी की गई है।
गोशाला बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज आठ बजे सुबह अदा की जाएगी। इस संबंध में मदरसा जाम-ए-उल उलूम के मोहतमिम हाजी मौलाना आले हसन ने आदेश जारी किया है। ईदगाह कमेटी के सचिव मो. इकबाल कुरैशी ने कहा कि ईद की नमाज दो मई को होगी या तीन को, इसका फैसला चांद के एलान के बाद होगा।
